नकल का वीडियो बनाना छात्र को पड़ा भारी! UP Board ने रिजल्ट किया रद्द, स्कूल 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट

बलरामपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का वीडियो वायरल होने के मामले में बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई की है। वीडियो बनाने वाले छात्र का रिजल्ट रद्द कर दिया गया, जबकि संबंधित स्कूल को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। कई अधिकारियों और शिक्षकों पर भी कार्रवाई हुई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 19 July 2026, 9:35 AM IST

Balrampur: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कूल को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इतना ही नहीं, परीक्षा के दौरान नकल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले छात्र का परीक्षा परिणाम भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। बोर्ड की इस कार्रवाई ने प्रदेशभर के स्कूलों और परीक्षार्थियों के बीच हलचल मचा दी है।

गणित की परीक्षा में सामने आया था नकल का मामला

पूरा मामला 27 फरवरी 2026 को आयोजित हाईस्कूल गणित प्रथम पाली की परीक्षा का है। आरोप था कि बलरामपुर के अगरहवा स्थित पब्लिक सिटी मांटेसरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा कक्ष संख्या-8 में तैनात कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थियों को पर्चियां देकर नकल करा रहे थे।

इसी दौरान परीक्षा दे रहे एक छात्र ने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो दूसरे छात्र के माध्यम से अधिकारियों तक पहुंचा और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही

वीडियो वायरल होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मृदुला आनंद ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी राजकीय हाईस्कूल मधवाजोत के प्रधानाचार्य डॉ. चंदन कुमार पांडेय को सौंपी गई।

जांच रिपोर्ट में केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक और आंतरिक सचल दल की गंभीर लापरवाही की पुष्टि हुई। रिपोर्ट में कहा गया कि प्रभावी निगरानी के अभाव में परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता प्रभावित हुई।

एफआईआर के बाद बोर्ड का बड़ा फैसला

मामले में विभागीय अनुमति मिलने के बाद बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर कोतवाली देहात में एफआईआर दर्ज कराई गई। न्यायालय में मामले के निस्तारण के बाद यूपी बोर्ड ने अंतिम अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बड़ा फैसला सुनाया।

सोने-चांदी के दामों में छह दिनों की उठा-पटक के बाद बड़ा ठहराव, जानिए आपके शहर में आज का लेटेस्ट रेट

छात्र का रिजल्ट रद्द, स्कूल 3 साल के लिए प्रतिबंधित

यूपी बोर्ड के आदेश के अनुसार नकल का वीडियो बनाने वाले छात्र का परीक्षा परिणाम निरस्त कर दिया गया है। वहीं, संबंधित विद्यालय को अगले तीन वर्षों तक बोर्ड परीक्षा केंद्र बनने और परीक्षा संबंधी सभी कार्यों से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा, उस समय ड्यूटी पर तैनात केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक और आंतरिक सचल दल के सदस्यों को भी अगले तीन वर्षों तक किसी भी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी से दूर रखा जाएगा।

ग्रेटर नोएडा में स्पा सेंटरों के नाम पर चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने 28 लड़कियों को बचाया

सख्त संदेश देने की कोशिश

यूपी बोर्ड की इस कार्रवाई को परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। बोर्ड ने साफ संकेत दिया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Location :  Balrampur

Published :  19 July 2026, 9:35 AM IST