मौत की झपकी: 171 की रफ्तार और रील का शौक बना काल, एयरबैग खुलने के बावजूद थम गईं चार सांसें

बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार स्कार्पियो ट्रक से टकरा गई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया कि चालक को झपकी आ गई थी। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 May 2026, 11:38 AM IST

Banda: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार और चालक को आई झपकी के कारण स्कार्पियो आगे चल रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक से जा टकराई, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

गोत्र पूजन से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, महोबा जिले के कबरई क्षेत्र में रहने वाला परिवार आजमगढ़ जिले के रामगढ़ गांव में आयोजित गोत्र पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहा था। अजीत विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ दो वाहनों में यात्रा कर रहे थे। लौटते समय सभी लोग कबरई स्थित अपने घर जा रहे थे।

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा

हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:30 बजे हथौड़ा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, तभी चालक को झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डीसीएम ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

एयरबैग खुले, लेकिन नहीं बची जान

भीषण टक्कर के बावजूद स्कार्पियो के एयरबैग खुल गए, लेकिन दुर्घटना की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चालक अजीत विश्वकर्मा, उनकी मां प्रेमशिला, चाची निशा और दादी चंद्रावती शामिल हैं। वहीं रिया नाम की युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे कानपुर रेफर किया गया है।

रफ्तार और रील का शौक बना जानलेवा

जानकारी के अनुसार, अजीत विश्वकर्मा को तेज रफ्तार में वाहन चलाने और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का शौक था। वह अक्सर हाईस्पीड ड्राइविंग के वीडियो बनाकर पोस्ट करता था। कुछ दिन पहले उसने 171 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया था।

देवरिया में ‘स्कैन हैंग’ गैंग पर दिल्ली पुलिस का बड़ा शिकंजा! काली मंदिर के पास हुई ऐसी कार्रवाई, गांव में मचा हड़कंप

नींद की झपकी से हुआ बड़ा हादसा

परिजनों के मुताबिक, लंबी यात्रा और थकान के कारण चालक को झपकी आ गई थी। प्रयागराज के पास उन्होंने पहले आराम भी किया था, लेकिन सफर के दौरान दोबारा थकान हावी हो गई और हादसा हो गया।

पुलिस ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। क्रेन और गैस कटर की मदद से स्कार्पियो को ट्रक के नीचे से निकाला गया और शवों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद जिला अस्पताल के शवगृह में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।

आने वाले समय में AI टेक्नोलॉजी इतनी पावरफुल होगी कि- इंसान के बोले बिना भी सिस्टम शुरू कर देगा काम

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Location :  Banda

Published :  15 May 2026, 11:38 AM IST