बलरामपुर में बुजुर्गों के लिए नई पहल, ‘सुकून-ए-बहार क्लब’ देगा अकेलेपन से राहत

बलरामपुर के खमरिया इलाके में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सुकून-ए-बहार क्लब एंड होटल’ की शुरुआत होने जा रही है, जहां बुजुर्गों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और मनोरंजन की आधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 31 May 2026, 4:03 PM IST

Balrampur : बलरामपुर जिले के खमरिया क्षेत्र में एक अनूठी सामाजिक पहल के तहत ‘सुकून-ए-बहार क्लब एंड होटल’ की शुरुआत की जा रही है। इस केंद्र का उद्देश्य उन वरिष्ठ नागरिकों को एक सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराना है, जो अपने जीवन में अकेलेपन का सामना कर रहे हैं।

सामाजिक सोच से प्रेरित पहल

इस परियोजना की परिकल्पना डॉ. तारिक अफजल सिद्दीकी के प्रयासों से की गई है, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों की शारीरिक और मानसिक सेहत को प्राथमिकता दी गई है। संस्थान का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया जाएगा।

स्वास्थ्य और देखभाल की विशेष व्यवस्था

केंद्र में प्रवेश के साथ ही बुजुर्गों का निःशुल्क मेडिकल चेकअप किया जाएगा। इसमें ब्लड प्रेशर, पल्स, ऑक्सीजन लेवल और वजन की नियमित जांच शामिल होगी। इसके साथ ही उन्हें मानसिक रूप से सक्रिय रखने के लिए विशेष सत्रों का आयोजन किया जाएगा।

सुबह की दिनचर्या और मनोरंजन

सुबह 6 बजे से 10 बजे तक बुजुर्गों के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें हरित वातावरण में सैर, सुगम संगीत, समाचार पत्र और निःशुल्क चाय की सुविधा शामिल होगी। यह व्यवस्था उन्हें तनावमुक्त और सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस परिसर

पूरा परिसर वातानुकूलित होगा और 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। बुजुर्गों के आवागमन के लिए संस्थान स्वयं वाहन सुविधा उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पौष्टिक भोजन और सुरक्षित वातावरण

यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुद्ध और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई है। संस्थान का उद्देश्य सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य को एक साथ सुनिश्चित करना है, ताकि बुजुर्ग आत्मनिर्भर और खुशहाल जीवन जी सकें।

Location :  Balrampur

Published :  31 May 2026, 3:55 PM IST