बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, मजदूरों से भरी पिकअप का टायर फटने से एक दर्जन लोग लहूलुहान

बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर पौधारोपण के लिए जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप का टायर अचानक फट गया। हादसे में करीब एक दर्जन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। एक मजदूर की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 July 2026, 6:57 PM IST

Badaun: बदायूं जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। कुवंरगांव थाना क्षेत्र में मजदूरों से भरी पिकअप गाड़ी का टायर अचानक फट गया। हादसे में करीब एक दर्जन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पौधारोपण के लिए जा रहे थे मजदूर

बताया जा रहा है कि पिकअप गाड़ी में सवार मजदूर गंगा एक्सप्रेसवे पर पौधारोपण के काम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वाहन का टायर फट गया और पिकअप अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।

घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। घायलों में चंद्रपाल, ओमेंद्र, दीपक, भूरे, दिनेश, प्रशांत, आकाश, वेदपाल, वीरेश, योगेंद्र, लखपत और नैन सिंह शामिल हैं। सभी मजदूर थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव भटानी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

Badaun News: एक टक्कर और खत्म हो गई जिंदगी… 14 साल के बच्चे की दर्दनाक कहानी

एक मजदूर मेडिकल कॉलेज रेफर

घायलों में वीरेश पुत्र ओमकार की हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, गंगा एक्सप्रेसवे पर पौधे लगाने की ठेकेदारी करने वाला ठेकेदार वीरू सर्वा थाना उझानी क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

Location :  Budaun

Published :  8 July 2026, 6:57 PM IST