ATS Investigation: बाराबंकी और कुशीनगर से पकड़े गए आतंकियों ने खोले स्लीपर सेल के नए राज… ATS ने बढ़ाई दबिश

उत्तर प्रदेश में ATS की बड़ी कार्रवाई के तहत बाराबंकी और कुशीनगर से गिरफ्तार आतंकियों ने पूछताछ में स्लीपर सेल से जुड़े दो और युवकों के नाम उजागर किए हैं। आरोप है कि ये आतंकी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे और संवेदनशील ठिकानों की रेकी कर चुके थे।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 17 May 2026, 4:05 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बाराबंकी और कुशीनगर से गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों दानियाल अशरफ और कृष्ण मिश्रा से पूछताछ में स्लीपर सेल नेटवर्क से जुड़े नए नाम सामने आए हैं। दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान दो अन्य संदिग्ध युवकों की पहचान उजागर की है, जिनकी तलाश में अब ATS की टीम सक्रिय हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, इन खुलासों के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में तेजी से काम कर रही हैं। ATS का मानना है कि यह एक संगठित स्लीपर सेल मॉड्यूल हो सकता है, जिसका नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है।

पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े तार

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आतंकी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे और उसी के लिए काम कर रहे थे। पूछताछ में यह भी पता चला है कि उन्हें ऑनलाइन तरीके से हथियारों के इस्तेमाल और हैंड ग्रेनेड अटैक की ट्रेनिंग दी गई थी।

इसके अलावा दोनों ने शहजाद भट्टी के निर्देश पर मुंबई स्थित आरएसएस कार्यालय सहित पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी। सुरक्षा एजेंसियां इन दावों की गहराई से जांच कर रही हैं।

ATS ने तेज की जांच और गिरफ्तारी अभियान

6 मई को दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ATS ने उन्हें रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ जारी रखी है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर अब टीम उन दो नए संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है, जिनके नाम सामने आए हैं।

ATS अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए हर सुराग को गंभीरता से जांचा जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल में और कितने लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल, इस मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और पूरे प्रदेश में अलर्ट बढ़ा दिया गया है।

Location :  Lucknow

Published :  17 May 2026, 4:05 AM IST

Advertisement