
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिर बरपा काल का कहर (Img- Internet)
Unnao: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 6 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा इतना भयावह था कि बस एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़कर लटक गई, जिससे कई यात्री सीधे नीचे जा गिरे।
यह दिल दहला देने वाली घटना उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 पर हुई। जानकारी के अनुसार, प्राइवेट ट्रैवल कंपनी की यह बस करीब 30 यात्रियों को लेकर दिल्ली से बिहार के लिए रवाना हुई थी।
मंगलवार की सुबह जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक जोर का धमाका हुआ और बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चारों तरफ सिर्फ मदद की गुहार सुनाई दे रही थी।
उन्नाव में परिवार की खुशियां मातम में बदली, 6 की मौत, 5 घायल
प्रत्यक्षदर्शियों और चश्मदीदों के मुताबिक, दुर्घटना की मुख्य वजह बस की तेज रफ्तार और ड्राइवर को झपकी आना थी। सफर के दौरान अचानक ड्राइवर की आंख लग गई, जिससे उसका स्टीयरिंग पर से नियंत्रण पूरी तरह खो गया। अनियंत्रित हो चुकी बस सीधे डिवाइडर से टकराई और पलटते हुए एक्सप्रेसवे की सुरक्षा रेलिंग पर जाकर अटक गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए और कई यात्री बस से छिटककर एक्सप्रेसवे से नीचे खाई में जा गिरे।
बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: कार सवार 4 लोगों की मौत, कैंची धाम के लिए हुए थे रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम और स्थानीय औरास थाने की पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 12 से अधिक यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं कुछ मामूली रूप से घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
Location : Unnao
Published : 26 May 2026, 7:59 AM IST