Muzaffarnagar News: रात के सन्नाटे में पलटी XUV, बारात से लौट रहे दो दोस्तों की मौत; जानें कैसे हुआ हादसा

मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार XUV कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बारात से लौट रहे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 13 March 2026, 2:48 PM IST

Muzaffarnagar: गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार से जा रही एक XUV कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलटते हुए पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। रात के सन्नाटे में हुए इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

बारात से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि चरथावल क्षेत्र से एक बारात मेरठ गई थी। गुरुवार देर रात शादी समारोह से लौटते समय आठ युवक एक XUV कार में सवार होकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान चरथावल मार्ग पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलटते हुए सीधे एक पेड़ से जा टकराया।

मुजफ्फरनगर तक पहुंची ईरान-अमेरिका युद्ध की आंच, जानिए कैसे, इनकी बढ़ी मुश्किलें

दो युवकों की मौके पर मौत

हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो युवक रोहित और विकास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में बैठे मोनू, अमित, प्रिंस, विपुल, रोहित और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं मृतक युवकों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

दिनदहाड़े सड़क बनी अखाड़ा! मुजफ्फरनगर में छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

क्या बोले सीओ सदर

इस मामले में सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि आठ युवक एक XUV गाड़ी में सवार होकर मेरठ में शादी समारोह में गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे। रात करीब दो बजे चालक को लगा कि उसका घर आ गया है। इसलिए उसने अचानक गाड़ी मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया और पलट गया। हादसे में रोहित और विकास की मौत हो गई। छह लोग घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  13 March 2026, 2:48 PM IST