Sonbhadra: दो किशोरियों को बाल विवाह से बचाया, भेजी गयी संरक्षण गृह

यूपी के सोनभद्र में बुधवार को चाइल्ड हेल्पलाइन ने बड़ी कार्रवाई की है। चाइल्ड हेल्पलाइन ने दो नाबालिगों का जीवन नरक में जाने से रोक लिया। इस कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 May 2026, 9:00 PM IST

Sonbhadra: जनपद के दुद्धी थाना क्षेत्र में चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से दो नाबालिग बालिकाओं को बाल विवाह की कुप्रथा का शिकार होने से बचा लिया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों किशोरियों को सुरक्षित संरक्षण में लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चाइल्ड हेल्पलाइन की सराहना की जा रही है।

जानकारी के अनुसार चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना मिली थी कि दुद्धी थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बालिकाओं का विवाह कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में सुपरवाइजर सुधा गिरी, सत्यम चौरसिया और केसवर्कर बजरंग सिंह शामिल रहे।

मौके पर पहुंचकर टीम ने परिजनों से बालिकाओं की उम्र से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई वैध प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया जा सका। जांच में दोनों बालिकाएं नाबालिग पाई गईं।

 सोनभद्र में पेयजल योजना पर DM का अचानक निरीक्षण, लापरवाही पर मचा हड़कंप

नाबालिगों की इतनी थी उम्र

इसके बाद टीम ने बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 17 वर्षीय गीता और 16 वर्षीय सविता को संरक्षण में ले लिया। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने दोनों किशोरियों को कोतवाली दुद्धी लाकर जीडी दर्ज कराई तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों को बाल कल्याण समिति, सोनभद्र के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

समिति के आदेश पर फिलहाल दोनों बालिकाओं को बालगृह बालिका, रॉबर्ट्सगंज में सुरक्षित रखा गया है, जहां उनकी देखभाल के साथ काउंसलिंग भी कराई जा रही है। परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समाज के सहयोग से ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त किया जा सकता है।

सोनभद्र कलेक्ट्रेट में बड़ा हड़कंप! पेट्रोल लेकर पहुंचा युवक, समय रहते पुलिस ने टाली अनहोनी…

आमजन से की ये अपील

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी या बच्चों के शोषण की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों को सुरक्षित बचाया जा सके।

 

Location :  sonbhadra

Published :  6 May 2026, 9:00 PM IST