अमेठी में बंधक बनाकर लूट करने वाले गैंग पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, दो आरोपी धर दबोचे गए

अमेठी के जायस क्षेत्र में महिला को बंधक बनाकर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और लूट का सामान बरामद हुआ है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 June 2026, 6:41 AM IST

Amethi : अमेठी के जायस थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका एक साथी अब भी फरार है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी।

छत के रास्ते घर में घुसे थे आरोपी

जानकारी के अनुसार, 2 जून की शाम रानी हरवंशगंज मजरे मवई आलमपुर में तीन आरोपी छत के रास्ते एक घर में घुस गए। उस समय घर में अकेली महिला मौजूद थी। आरोपियों ने महिला को धमकाकर बंधक बना लिया और अलमारी-पेटी की चाबियां छीन लीं।

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार

पीड़ित पक्ष के मुताबिक आरोपियों ने घर से सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

सुल्तानपुर में गन प्वाइंट पर हुई लूट! अमेठी पुलिस ने किया खुलासा, 68 बकरे सहित तीन लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़े

पुलिस और स्वाट टीम की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर पुलिस और स्वाट टीम सक्रिय हुई। एएसपी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह और सीओ तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।

घेराबंदी कर दो आरोपी गिरफ्तार

चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाइक से मोहनगंज की ओर जा रहे हैं। त्रिपुला तिराहे के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दो आरोपियों अरमान और दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया।

लूट का पूरा सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनमें पायल, बिछिया, मंगलसूत्र, मांग टीका, झुमकी समेत कई कीमती जेवर शामिल हैं। बिना नंबर और कागजात की बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

तीसरा आरोपी अब भी फरार

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वारदात में उनका साथी इमरान भी शामिल था। यह फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस को मिला इनाम

तेज खुलासे और सफल गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने जायस पुलिस और स्वाट टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Location :  Amethi

Published :  4 June 2026, 6:15 AM IST