
दहेज हत्या के आरोप में दफन शव बाहर
महराजगंज: निचलौल थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा से सटे मटरा धमउर गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से एक महिला का शव बाहर निकलवाया। यह कार्रवाई दहेज हत्या के गंभीर आरोपों के बाद न्यायालय के आदेश पर की गई।
क्या है पूरी खबर?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के जटहा बाजार निवासी अलीहसन की तहरीर पर 26 अप्रैल को निचलौल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें गुलशन, फिरोज, ईशा, अफरोज और फैयाज अंसारी के खिलाफ दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित
पीड़ित पिता का आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटी हसीरुन निशा की शादी 25 फरवरी 2021 को फैयाज अंसारी के साथ की थी। शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। पति के विदेश में रहने के बावजूद फोन के जरिए मानसिक उत्पीड़न जारी था।
Sonbhadra: सम्मानजनक वेतन और नौकरी सुरक्षा के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने किया आंदोलन
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी आया सामने
परिजनों के मुताबिक, 22 अप्रैल की रात ससुराल पक्ष ने गला दबाकर हसीरुन निशा की हत्या कर दी और बिना किसी को सूचना दिए शव को दफन कर दिया। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।
शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने का आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन मिश्र ने बताया कि मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Location : Maharajganj
Published : 1 May 2026, 4:53 PM IST
Topics : crime news Dowry Latest News UP News