इटावा-बरेली हाईवे पर कांवड़ियों के जत्थे में मचा कोहराम, देवर-भाभी की मौत से उठे बड़े सवाल

इटावा-बरेली हाईवे पर कांवड़ यात्रा के दौरान दो दर्दनाक हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में बाइक की टक्कर के बाद देवर-भाभी को ट्रक ने कुचल दिया, जबकि राजेपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से कांवड़िया युवक की जान चली गई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 August 2026, 6:16 AM IST

Farrukhabad : सावन की आस्था और कांवड़ यात्रा के बीच इटावा-बरेली हाईवे पर दर्दनाक हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। गंगाजल लेकर शिवधाम की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों के लिए यह यात्रा अचानक मातम में बदल गई। अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसों के बाद कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश और शोक का माहौल है।

मोहम्मदाबाद में बाइक टकराने के बाद ट्रक ने कुचला

मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के खाकेताल गांव से निकले करीब 30 कांवड़ियों का जत्था रविवार रात पांचालघाट से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहा था। रात करीब 10 बजे यह जत्था मोहम्मदाबाद क्षेत्र में हवाई पट्टी के पास पहुंचा।

इसी दौरान खाकेताल निवासी गिरजा देवी (30) अपने ममेरे देवर ऋषभ (16) के साथ बाइक पर चल रही थीं। तभी सामने से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गिरजा देवी और ऋषभ सड़क पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे में साथ चल रही दूसरी बाइक पर सवार गिरजा देवी की ननद पायल (15) और उसका मामा सागर (16) भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

Raebareli: कांवड़ियों के बीच पहुंचे सपा नेता, स्वागत के अंदाज ने खींचा सबका ध्यान

ऋषभ था माता-पिता का इकलौता बेटा

घायल पायल ने बताया कि ऋषभ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। कांवड़ यात्रा के दौरान हुए इस हादसे से पूरे जत्थे में मातम छा गया।

राजेपुर में ट्रैक्टर की टक्कर से कांवड़िया की मौत

वहीं दूसरी घटना राजेपुर क्षेत्र के गांव डबरी तिराहे के पास हुई। कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के नंगापुरवा निवासी विवेक बाथम (22) करीब 35 कांवड़ियों के जत्थे के साथ तूफानी डाक कांवड़ यात्रा पर निकला था।

पांचालघाट से जल भरकर जत्था गोला गोकर्णनाथ की ओर जा रहा था। रात करीब पौने नौ बजे डबरी तिराहे के पास विवेक पानी भरने के बाद जत्थे की ओर लौट रहा था। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।

विवेक के घर का सहारा था, शादी भी तय थी

साथी कांवड़ियों ने बताया कि विवेक के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। दो भाइयों में बड़ा होने के कारण वही मेहनत-मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था। उसका छोटा भाई अभी करीब 12 साल का है। विवेक की शादी भी तय हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। सावन की कांवड़ यात्रा के बीच हुए इन हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था और हाईवे पर यातायात नियंत्रण को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Farrukhabad

Published :  10 August 2026, 4:59 AM IST