हरदोई में ट्रिपल मर्डर से सनसनी! एक्सीडेंट के बाद भड़की भीड़, तीन की मौत; यहां जानें ताजा अपडेट

हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई। बुजुर्ग को पिकअप से कुचलने के बाद गुस्साई भीड़ ने दो युवकों को पीट-पीटकर मार डाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी किरण एस मौके पर पहुंचे और जांच के लिए चार टीमें गठित की गई हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 28 March 2026, 3:33 AM IST

Hardoi: एक हादसा… और फिर देखते ही देखते खून-खराबे में बदल गया पूरा गांव। हरदोई के सुरसा इलाके में जो शुरू हुआ एक सड़क दुर्घटना से, वो खत्म हुआ तीन लाशों के साथ। गुस्साई भीड़ ने कानून अपने हाथ में लिया और कुछ ही पलों में तीन जिंदगियां खत्म हो गईं।

घटना ने दहलाया इलाका

हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया गांव में हुए ट्रिपल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि एक पिकअप वाहन से हुए हादसे के बाद विवाद इतना बढ़ा कि हिंसा में बदल गया और तीन लोगों की मौत हो गई।

हादसे के बाद भड़की हिंसा

जानकारी के मुताबिक करीब 30 वर्षीय शिवम कहार पिकअप चला रहा था, तभी वाहन की चपेट में आकर 70 वर्षीय देशराज पाण्डेय की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शिवम और उसके साथी अमन को पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी। शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

अफसर मौके पर, हालात पर कड़ी नजर

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं किरण एस भी देर रात हरदोई पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

चार टीमें गठित, जांच जारी

आईजी ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जो आरोपियों की गिरफ्तारी और साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में दोनों पक्षों के बीच किसी पुरानी रंजिश की जानकारी नहीं मिली है और यह घटना अचानक हुए विवाद का नतीजा लग रही है।

भारी पुलिस बल तैनात, हालात नियंत्रण में

गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

Location : 
  • Hardoi

Published : 
  • 28 March 2026, 3:33 AM IST