बदायूं में बाइक सवार ने युवक को कुचला, बाराबंकी में सड़क पर गिरे लोगों को अज्ञात वाहन ने रौंदा

उत्तर प्रदेश के बदायूं और बाराबंकी में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 21 April 2026, 5:44 PM IST

Badaun/Barabanki: उत्तर प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बदायूं और बाराबंकी में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। कहीं रोडवेज बस ने बाइक सवार को कुचल दिया तो कहीं सड़क पर गिरे लोगों को अज्ञात वाहन ने रौंद डाला।

बदायूं में बस की टक्कर से युवक की मौत

बदायूं के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार हिमांशु सोलंकी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक हिमांशु सोलंकी उसावां थाना क्षेत्र के मरौरी गांव का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

बाराबंकी में दोहरी टक्कर बनी जानलेवा

वहीं बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र में टिकैतगंज–बाबागंज रोड पर बड़ा हादसा हुआ। छिलगवा मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद सड़क पर गिरे चार लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया।

दो युवकों की मौत, दो घायल

इस हादसे में पलिया निवासी 23 वर्षीय सुनील रावत की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके साथी 25 वर्षीय विमल रावत ने लखनऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों लखनऊ में मजदूरी करते थे और घर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर सवार महेश और केशन गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

परिवारों में पसरा मातम

हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। सुनील अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि विमल की शादी अभी एक साल पहले ही हुई थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घुंघटेर थाना प्रभारी अभय कुमार मौर्य के मुताबिक, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बढ़ते हादसे, बड़ा सवाल

लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग लोगों की जान ले रही है, जिसे रोकना अब बड़ी चुनौती बन चुका है।

Location :  Badaun/Barabanki

Published :  21 April 2026, 5:44 PM IST