हिंदी
लखनऊ के नगराम इलाके में गूगल मैप के सहारे जा रहा बाइक सवार युवक खुले कुएं में गिर गया। रात गश्त कर रही पुलिस ने मफलर और लोई की मदद से रेस्क्यू कर युवक की जान बचाई।
Symbolic Photo
Lucknow: गूगल मैप पर भरोसा करना कई बार जानलेवा साबित हो सकता है। सड़कें भटकाने वाले इस डिजिटल रास्ते ने एक और हादसे को जन्म दे दिया। लखनऊ के नगराम इलाके में गूगल मैप के सहारे जा रहा एक युवक अंधे मोड़ पर सीधे कुएं में जा गिरा। रात के सन्नाटे में कुएं से आती चीखें अगर पुलिस तक न पहुंचती तो अंजाम नोएडा जैसा भी हो सकता था।
गूगल मैप के भरोसे निकला, कुएं में गिरा युवक
यह मामला नगराम थाना क्षेत्र का है। अर्जुनगंज स्थित एवीएम कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय रितेश जायसवाल बाइक से चौक लखनऊ से अपने गांव भवानीगढ़, थाना शिवगढ़ जनपद रायबरेली जा रहा था। रास्ते में वह नगराम-खुजौली मार्ग से गुजर रहा था और गूगल मैप की मदद ले रहा था। इसी दौरान अचानक मोड़ आने पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खेत में बने कुएं की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रितेश बाइक से उछलकर सीधे कुएं में जा गिरा।
इसकी नशीली आंखों पर ना जाना, 15 पुलिस अफसर समेत 165 को अपने हुस्न के जाल में फंसाया
कुएं के चारों ओर नहीं था सुरक्षा घेरा
घटना स्थल पर बने कुएं के चारों ओर कोई पुख्ता घेरा या सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। सड़क के बिल्कुल किनारे स्थित इस खुले कुएं ने हादसे को और खतरनाक बना दिया। अंधेरा और अचानक मोड़ होने की वजह से युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
गश्त पर निकली पुलिस ने बचाई जान
नगराम पुलिस टीम रात में गश्त पर थी। करोरा-नगराम मार्ग पर हसवापुल के पास पुलिस की नजर सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ी एक मोटरसाइकिल पर पड़ी। इसी दौरान पास के कुएं से किसी के चीखने की आवाज सुनाई दी। पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में झांककर देखा तो कुएं के अंदर एक युवक गिरा हुआ था।
मफलर और लोई से किया गया रेस्क्यू
बिना वक्त गंवाए पुलिस टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। संसाधनों की कमी के बावजूद पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने ठंड से बचाव के लिए अपने मफलर और लोई को आपस में जोड़कर रस्सी की तरह कुएं में लटकाया। युवक को हिम्मत बंधाई गई और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
एसओ नगराम विवेक चौधरी के मुताबिक, युवक को तुरंत अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि रितेश पूरी तरह सुरक्षित है और उसे सिर्फ मामूली चोटें आई हैं। समय रहते पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।