मासूमों को न्याय दिलाने सड़कों पर उतरे व्यापारी, फरेन्दा में गूंजे ‘हत्यारों को फांसी दो’ के नारे

गोरखपुर में दो मासूम बच्चों की हत्या के विरोध में महराजगंज के फरेन्दा नगर में व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने कैंडल मार्च निकाला। सैकड़ों लोगों ने दोषियों को फांसी देने, पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 August 2026, 9:28 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में मासूम बच्चों के अपहरण और हत्या की घटना को लेकर लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इसी घटना के विरोध में बुधवार शाम महराजगंज जिले के फरेन्दा नगर में व्यापारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और नगरवासी सड़कों पर उतर आए। उद्योग व्यापार मंडल आनंदनगर और राष्ट्रीय सोनार एकता परिषद के संयुक्त तत्वावधान में निकाले गए कैंडल मार्च में सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर मासूमों को श्रद्धांजलि दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मोमबत्तियां लेकर सड़कों पर उतरे व्यापारी और नगरवासी

कैंडल मार्च की शुरुआत शाम करीब सात बजे दुर्गा मंदिर से हुई। हाथों में मोमबत्तियां लिए लोग अंबेडकर तिराहा, विष्णु मंदिर, मिल गेट और रेलवे स्टेशन होते हुए वापस अंबेडकर तिराहे पर पहुंचे। पूरे रास्ते लोगों ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और अपराधियों को सख्त सजा देने की मांग की। मार्च के दौरान "पीड़ितों को न्याय दो", "हत्यारों को फांसी दो", "बेटियों को सुरक्षा दो" और "अपराधियों को बख्शा नहीं जाए" जैसे नारे लगाए गए। मार्च में सबसे आगे वैभव वर्मा और मृत बालिका के चित्रों वाला बैनर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा था। कई राहगीरों ने भी रुककर इस अभियान का समर्थन किया।

दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा देने की मांग

कैंडल मार्च के बाद अंबेडकर तिराहे पर सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मासूम बच्चों के साथ हो रही ऐसी जघन्य घटनाएं पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो सकता है। वक्ताओं ने शासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर जल्द से जल्द कठोरतम सजा दिलाई जाए। इसके अलावा बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों ने किया नेतृत्व

कैंडल मार्च का नेतृत्व उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय टिबड़ेवाल, उपाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन विनोद गुप्ता, महामंत्री कृष्ण कुमार वर्मा और राष्ट्रीय सोनार एकता परिषद के पदाधिकारियों ने किया। कार्यक्रम में ध्रुव वर्मा, सुरेश चंद्र वर्मा, अरविंद वर्मा, अधिवक्ता सुधेश मोहन श्रीवास्तव, उदय शंकर चौरसिया, आशुतोष राना और अभिषेक अग्रहरी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

कैंडल मार्च में गणेश वर्मा, अजय वर्मा, विजय वर्मा, राजन वर्मा, राजेश वर्मा, आकाश वर्मा, सुमित श्रीवास्तव, कन्हैया, दुर्गेश, गोलू वर्मा, अरविंद जायसवाल और सुदामा वर्मा समेत सैकड़ों व्यापारी और नगरवासी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मासूमों को श्रद्धांजलि दी गई। लोगों ने एक बार फिर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

Location :  Gorakhpur

Published :  6 August 2026, 9:28 PM IST