महराजगंज के सिसवा गोपाल में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई। हादसे में 4 महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई और 24 लोग घायल हुए। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दर्दनाक हादसा
Maharajganj: बुधवार देर रात कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसवा गोपाल के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। भैंसहा स्थित दुर्गा मंदिर मेले में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई। इस दुर्घटना में महराजगंज जिले की चार महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब 24 लोग घायल हो गए। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र स्थित महावनखोर उर्फ बड़हरा गांव के निवासी श्रद्धालु भैंसहा मेले में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सिसवा गोपाल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को नहर से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों में किस्मती देवी (55), प्रभावती (54), निर्मला (50), बबली यादव (40), पारस सिंह (60), प्रीति शर्मा (10), समय सिंह, मनोरमा (55), रजवंत, नेबुला देवी, संदीप निषाद (15), विश्वकर्मा राजभर, आरती राजभर, दिव्यांश राजभर, अंशा सिंह, वशिष्ठ सिंह और पुनीता सिंह शामिल हैं। वहीं, मीरा (50), निर्मला (50), सीमिरता (65) और विमला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार दोपहर NH-730 पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक और साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में धर्मपुर निवासी भोला और श्यामदेउरवा निवासी सूर्यभान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भोला की पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले बाइक और फिर साइकिल को टक्कर मार गई। बाइक में आग लग गई जिसे ग्रामीणों ने सड़क किनारे हटाया। चालक हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस ने शव और स्कॉर्पियो कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।