हिंदी
सबया में दर्दनाक सड़क हादसा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: सिसवा-निचलौल मुख्य मार्ग पर स्थित सबया रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार रात करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिसवा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर मौके पर ही पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मृतक की पहचान सिसवा कस्बे के गोपाल नगर निवासी मोहन वर्मा (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह फेरी का काम करते थे और गुरुवार को बहुआर बाजार में काम करने के बाद देर रात घर लौट रहे थे।
महराजगंज से बड़ी खबर: सिसवा के चौधरी टोला में करंट से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि जैसे ही मोहन वर्मा सबया रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे मोहन वर्मा को बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस की मदद से सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों का बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी तीन बेटियां और दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 12 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।
Location : Maharajganj
Published : 10 April 2026, 11:05 AM IST