कर्ज लिया… फिर शुरू हुआ अत्याचार! युवक को कमरे में बंद कर पीटने का आरोप, पढे़ं पूरी खबर

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में सूदखोरी और दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने आरोप लगाया है कि कर्ज के बदले उससे लाखों की वसूली की गई और बाद में उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 25 April 2026, 12:53 AM IST

Sonbhadra:  सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में सूदखोरी और कथित दबंगई का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने आरोप लगाया है कि कर्ज लेने के बाद उससे लगातार अवैध वसूली की गई और पैसे न देने पर उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और स्थानीय लोग भी सूदखोरी के बढ़ते जाल को लेकर चिंता जता रहे हैं।

पीड़ित अमित पटेल ने पुलिस अधीक्षक और स्थानीय पुलिस को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। युवक का कहना है कि करीब छह महीने पहले उसने दिलीप पटेल के माध्यम से अभिषेक पटेल से 1 लाख 35 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस रकम पर लगभग 10 प्रतिशत ब्याज तय किया गया था।

अमित के मुताबिक अब तक वह करीब 86 हजार रुपये ब्याज के रूप में चुका चुका है, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों की मांग खत्म नहीं हुई। उसका आरोप है कि लगातार और पैसे की मांग की जा रही थी और दबाव बनाया जा रहा था।

बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़ित ने बताया कि 21 अप्रैल को उसे शीतला मंदिर के पास से जबरन बाइक पर बैठाकर धर्मशाला रोड स्थित एक कपड़े के शोरूम में ले जाया गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसे एक चार पहिया वाहन में बैठाकर मिश्रोलिया क्षेत्र में ले जाया गया।

बिजली-पानी से लेकर स्वास्थ्य तक… कुशीनगर में विकास योजनाओं पर बड़ा फैसला, पढ़ें पूरी खबर

युवक का आरोप है कि वहां एक कमरे में उसे बंद कर दिया गया और बेरहमी से पीटा गया। उसने दावा किया कि उसके घावों पर नमक डालकर यातना दी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके पैरों को बांधकर कुएं में लटकाने की कोशिश की और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया।

पीड़ित का यह भी कहना है कि उसे जबरन शराब पिलाई गई ताकि वह दर्द और मारपीट का विरोध न कर सके। आरोप है कि दिनभर बंधक बनाए रखने के बाद उसे अधमरी हालत में खेत में फेंक दिया गया। बाद में परिजन उसे घायल अवस्था में लेकर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

पुलिस जांच में जुटी, इलाके में सूदखोरी पर उठे सवाल

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद आरोपी लगातार गांव पहुंचकर धमकी दे रहे हैं। बोलेरो और बाइक से आने वाले लोगों के कारण परिवार डर के माहौल में जी रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।

इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में सूदखोरी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरूरतमंद लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर उनका आर्थिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है।

नीति आयोग में सुमन बेरी की जगह कौन? नए उपाध्यक्ष को लेकर बड़ा अपडेट… पढ़ें पूरी खबर

वहीं, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने बताया कि पीड़ित अमित पटेल के खिलाफ पहले से कुछ मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवा और रॉबर्ट्सगंज से जुड़े मामले शामिल हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत पत्र के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की जानकारी जुटा रही है। मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Location :  Sonbhadra

Published :  25 April 2026, 12:53 AM IST