यूपी के तीन IAS अफसरों की केंद्र में तैनाती: पंकज कुमार, काजल और के.बालाजी बने ज्वाइंट सेक्रेटरी, जानिए इनका पूरा प्रोफाइल

केंद्र सरकार के बड़े प्रशासनिक फेरबदल में उत्तर प्रदेश कैडर के तीन IAS अधिकारियों को अहम जिम्मेदारी मिली है। जानिए कौन हैं ये अफसर और क्या है इनका अनुभव।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 13 April 2026, 8:30 PM IST
google-preferred

Lucknow: केंद्र सरकार में बड़े स्तर पर हुए प्रशासनिक फेरबदल में उत्तर प्रदेश का दबदबा साफ नजर आ रहा है। 48 अधिकारियों को संयुक्त सचिव स्तर पर नियुक्त किया गया है। जिसमें यूपी कैडर के तीन आईएएस अफसरों को अहम जिम्मेदारी मिली है। इस फेरबदल में आईएएस पंकज कुमार को ऊर्जा मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं आईएएस काजल को डीपीआईआईटी में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी मिली है और आईएएस के. बालाजी को दूरसंचार विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

कौन हैं IAS पंकज कुमार

पंकज कुमार 2002 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। फिलहाल वह यूपीपीसीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं। उनका जन्म यूपी के बांदा में हुआ और उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़ाई की है। अपने करियर में वह आगरा, अलीगढ़, सीतापुर, मुजफ्फरनगर और बलिया जैसे जिलों में डीएम रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पर्यटन विभाग, एड्स कंट्रोल सोसायटी और मुख्य सचिव के स्टाफ ऑफिसर के तौर पर भी काम किया है। 2025 में उन्हें यूपी आईएएस एसोसिएशन का महासचिव भी चुना गया।

केंद्र में बड़े पैमाने पर तबादले: 48 अधिकारियों को संयुक्त सचिव स्तर पर नियुक्ति

कौन हैं IAS काजल

डॉ. काजल 2008 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और यूपी कैडर से आती हैं। वह पेशे से डॉक्टर भी हैं और उनके पास एमबीबीएस और एमडी की डिग्री है। फिलहाल वह केंद्र सरकार में डीपीआईआईटी में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह मेरठ में सीडीओ और महोबा की डीएम रह चुकी हैं। डीएम में उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग और स्थानीय निकायों में भी अहम जिम्मेदारी निभाई है। अब उन्हें संयुक्त सचिव के रूप में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

कौन हैं IAS के. बालाजी

के. बालाजी 2010 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। यह यूपी कैडर से जुड़े हैं। मूल रूप से वह तमिलनाडु के रहने वाले हैं। फिलहाल वह गृह मंत्रालय में डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह 16वें वित्त आयोग में भी काम कर चुके हैं और केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव भी रहे हैं। यूपी में वह मेरठ के डीएम रह चुके हैं। अब उन्हें दूरसंचार विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।

Location :  Lucknow

Published :  13 April 2026, 8:30 PM IST

Advertisement