
मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ों में दो 25-25 हजार रुपये के इनामी अपराधियों समेत एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से तीन तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। तीनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है, जिसे पुलिस खंगालने में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार देर रात सबसे पहले रतनपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इसके बाद तितावी और फिर शाहपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में बदमाशों से आमना-सामना हुआ। तीनों ही मामलों में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गए।
शाहपुर थाना क्षेत्र में 25 हजार रुपये के इनामी लुटेरे संजीत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। संजीत मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला बताया जा रहा है और लूट के एक मामले में वांछित चल रहा था। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
दूसरी कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी गौकश रहीस को गिरफ्तार किया गया, जो बागपत का निवासी है और रतनपुरी थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में फरार चल रहा था। तीसरी मुठभेड़ तितावी थाना क्षेत्र में हुई, जहां हिस्ट्रीशीटर गुफरान को पुलिस ने घायल अवस्था में दबोचा। गुफरान बघरा क्षेत्र का रहने वाला है और पूर्व में गौकशी के मामले में सजा भी पा चुका है। वह उत्तराखंड से भी वांछित चल रहा था।
मुजफ्फरनगर में मंगलवार रात तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस मुठभेड़ हुई। दो 25-25 हजार के इनामी और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल होकर गिरफ्तार किए गए। मौके से तीन तमंचे, कारतूस, बाइक व स्कूटी बरामद हुई। पुलिस आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।#Muzaffarnagar #PoliceEncounter… pic.twitter.com/NzSxZ1ZZRW
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 18, 2026
पुलिस ने तीनों बदमाशों के कब्जे से तीन तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, एक बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विशेष टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
Encounter In UP: एक बाइक, दो संदिग्ध और अचानक देर रात तड़तड़ाई गोलियां, इलाके में मचा हड़कंप
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधियों में दो 25-25 हजार रुपये के इनामी हैं, जबकि एक हिस्ट्रीशीटर है। एक आरोपी लूट के मामले में वांछित था, जबकि दो गौकशी के मामलों में फरार चल रहे थे। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
Location : Muzaffarnagar
Published : 18 February 2026, 12:09 PM IST