15 लाख की मांग, 8.50 लाख की वसूली… गोरखपुर में धमकी के खेल का हुआ खुलासा

गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8.50 लाख रुपये नकद और पीली धातु का टुकड़ा बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 9:14 PM IST

Gorakhpur : जिले में धमकी देकर लाखों रुपये की जबरन वसूली करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पीपीगंज थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में आरोपियों पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर पीड़ित से मोटी रकम ऐंठने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 50 हजार रुपये नकद और 25.240 ग्राम वजन का पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

बहाने से दुकान पर बुलाकर दी धमकी

पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 अगस्त 2026 को आरोपियों ने उसे बहाने से अपनी दुकान पर बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद उसे जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। आरोपियों ने डर का माहौल बनाकर उससे 15 लाख रुपये की मांग की।

पीड़ित ने भय के चलते आरोपियों को 8 लाख 50 हजार रुपये नकद और करीब 2.60 लाख रुपये कीमत का सोना दे दिया। इसके बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीपीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र वर्मा, सचिन वर्मा और राज निषाद के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पीपीगंज कस्बे के वार्ड नंबर 10 के निवासी बताए जा रहे हैं।

गोरखपुर में हत्या के मामले में बड़ा फैसला: मुख्य अभियुक्ता को आजीवन कारावास, दूसरी दोषी को मिली ये सजा

बरामदगी के बाद बढ़ाई गई धाराएं

पुलिस ने आरोपियों के पास से वसूली गई नकदी और पीली धातु बरामद की है। इसके बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं उन्होंने पहले भी किसी अन्य व्यक्ति को इसी तरह धमकाकर पैसे तो नहीं वसूले हैं।

रंगदारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई का संदेश

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पीपीगंज पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में रंगदारी और जबरन वसूली करने वालों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 August 2026, 9:14 PM IST