हिंदी
पुलिस की कार्रवाई में तीन शातिर आरोपी पकड़े गए
Gorakhpur : जिले में चोरी की एक वारदात के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ा खुलासा किया है। चौरी चौरा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने उड़ाने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई में तीन शातिर आरोपी पकड़े गए हैं। एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए गहने बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला चौरी चौरा थाना क्षेत्र का है, जहां 4 अगस्त को एक महिला के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। आरोप है कि चोरों ने घर का ताला तोड़कर दो जोड़ी कान के टप्स, दो नथुनी, एक नाक की कील और दो जोड़ी पायल चोरी कर ली थी।
पीड़िता की शिकायत के बाद चौरी चौरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत जांच शुरू की।
चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा के पर्यवेक्षण में विशेष टीम बनाई गई। प्रभारी निरीक्षक चौरी चौरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की।
अपनी मां पर ही टूट पड़ा कलयुगी बेटा! गोरखपुर में डंडे से जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मेराज खान पुत्र अय्यूब खान, इब्राहिम अंसारी उर्फ गोलू पुत्र हैदर अली और धीरज पासवान पुत्र रामवेलास पासवान निवासी डुमरी खास मेहदीपुर टोला, थाना चौरी चौरा को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अपनी अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से चोरी किए गए दो जोड़ी कान के टप्स, एक नाक की कील और दो जोड़ी पायल बरामद हुईं। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा की बढ़ोतरी कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रजनीश मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक अशोक शर्मा समेत पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।
चौरी चौरा पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में चोरी और संपत्ति से जुड़े अपराधों पर लगाम लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाल अपचारी के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 7 August 2026, 2:24 AM IST