बदायूं में पासपोर्ट ऑफिस पर मंडराया खतरा! धमकी ने उड़ा दिए होश, किसने भेजा वो खौफनाक ई-मेल?

बदायूं पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मचा धमाका। पुलिस, बम स्क्वॉड और साइबर सेल अधिकारी, 2 घंटे चला सर्च ऑपरेशन, नहीं मिला कोई विस्फोटक।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 April 2026, 9:21 PM IST

Budaun: जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक धमकी भरे ई-मेल ने पूरे सिस्टम को हिला कर रख दिया। पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की बात सामने आते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां और बम स्क्वॉड अलर्ट मोड में आ गए। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका सुरक्षा घेराबंदी में बदल गया और हर किसी की सांसें थम गईं।

ई-मेल से मचा हड़कंप

बदायूं-बरेली के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को जैसे ही धमकी भरा ई-मेल मिला, प्रशासन के होश उड़ गए। ई-मेल में साफ तौर पर लिखा गया था कि बदायूं स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाया जाएगा। इस सूचना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी और तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया।

क्या लिखा था ई-मेल में

जानकारी के मुताबिक, मेल भेजने वाले ने खुद को तमिलनाडु से जुड़ा बताया। उसने दावा किया कि उसकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिससे नाराज होकर उसने इस तरह की धमकी दी। जैसे ही यह मेल बरेली के आरपीओ कार्यालय तक पहुंचा। वहां से तुरंत बदायूं पुलिस और खुफिया विभाग को अलर्ट कर दिया गया।

UPSRTC का नया टाइम टेबल जारी, बदायूं डिपो से नई बस सेवाएं शुरू, यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

तुरंत शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उनके साथ एलआईयू, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी मौजूद था। पूरे पासपोर्ट कार्यालय को घेर लिया गया और हर कोने की बारीकी से तलाशी ली गई। मेटल डिटेक्टर से जांच की गई और वहां मौजूद स्टाफ व आवेदकों से भी पूछताछ की गई। करीब दो घंटे तक चला यह ऑपरेशन पूरी तरह हाई अलर्ट में रहा। जिससे कामकाज भी प्रभावित हुआ।

नहीं मिला कोई विस्फोटक

गहन जांच के बाद पुलिस ने राहत भरी खबर दी कि परिसर में कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से स्टाफ को अलर्ट रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने के निर्देश दिए गए हैं।

साइबर सेल जांच में जुटी

सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय के अनुसार, अब इस मामले की जांच साइबर सेल कर रही है। ई-मेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इसकी तकनीकी पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जांच में यह शरारती तत्वों की हरकत लग रही है। पुलिस कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है।

Location :  budaun

Published :  13 April 2026, 9:21 PM IST