बलिया में बेखौफ चोरों ने मंदिर को बनाया निशाना, चादर में छिपकर पहुंचे और कर गए बड़ा कांड

बलिया के बहुआरा गांव स्थित प्राचीन पचेव देवी मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर चांदी का मुकुट और छतरी चोरी कर ली। वारदात CCTV में कैद हुई है, जिसमें दो चोर चादर ओढ़कर मंदिर में घुसते दिखाई दे रहे हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 25 August 2026, 7:06 PM IST

Ballia : जिले में चोरों ने अब मंदिर को भी नहीं छोड़ा। सहतवार थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव स्थित प्राचीन पचेव देवी मंदिर में सोमवार देर रात चोरों ने गेट का ताला तोड़कर देवी प्रतिमा से चांदी का मुकुट और छतरी चोरी कर ली। सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो देवी प्रतिमा से मुकुट और छतरी गायब थी। चोरी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो चोर चादर से खुद को ढककर मंदिर में घुसते दिखाई दे रहे हैं।

सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी तो खुला चोरी का राज

मंगलवार सुबह पुजारी ललन दुबे और ब्रजेश दुबे मंदिर पहुंचे। गेट का ताला टूटा हुआ देखकर उन्हें शक हुआ। जब दोनों अंदर गए तो देवी प्रतिमा से चांदी का मुकुट और छतरी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत सहतवार पुलिस को घटना की सूचना दी।

करीब दो लाख से ज्यादा का सामान चोरी

ग्रामीणों के मुताबिक, चोरी किए गए चांदी के मुकुट और छतरी की कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक है। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखने को मिली और पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की गई।

दूसरे ज्वैलर ने ही रची थी साथी व्यापारी को लुटवाने की साजिश, जानिए बलिया में कैसे हुआ 9 बदमाशों के नेक्सस का पर्दाफाश

चादर ओढ़कर मंदिर में घुसे चोर

चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में दो संदिग्ध चोर चादर से खुद को ढककर मंदिर के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों ने पहले गेट का ताला तोड़ा और फिर देवी प्रतिमा से चांदी का सामान लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही सहतवार पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।

अभी तहरीर का इंतजार

थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। हालांकि, अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ballia

Published :  25 August 2026, 7:06 PM IST