
दादरी स्टेशन (Img : Google)
Noida : उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज और दिल्ली-एनसीआर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। अब नोएडा-ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में रहने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दिल्ली या गाजियाबाद तक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। रेलवे ने प्रयागराज-दादरी-प्रयागराज स्पेशल ट्रेन (02417/02418) के फेरों में बड़ा इजाफा करते हुए यात्रियों को दादरी स्टेशन से ही ट्रेन पकड़ने की सुविधा दे दी है।
दरअसल, प्रयागराज एक्सप्रेस की क्लोन मानी जाने वाली इस स्पेशल ट्रेन में पिछले कई महीनों से यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट देखने को मिल रही थी। त्योहारों, छुट्टियों और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान हालात ऐसे हो रहे थे कि यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा था। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए ट्रेन के फेरों में बढ़ोतरी के साथ-साथ अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़ने का ऐलान किया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अतिरिक्त कोच जुड़ने से स्लीपर और एसी श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। रोजाना मिलने वाली बर्थ की संख्या बढ़ जाएगी। जिससे वेटिंग टिकट वाले यात्रियों के टिकट आसानी से कन्फर्म हो सकेंगे। खास बात यह है कि ट्रेन का समय, रूट और ठहराव पहले की तरह ही रहेगा। केवल यात्रियों की सुविधा के लिए इसकी क्षमता बढ़ाई जा रही है।
लखनऊ में दरिंदगी! UPSC छात्रा को ट्रेन से उतारकर किया गैंगरेप, कॉफी में मिलाया नशीला पदार्थ
रेलवे प्रशासन ने जानकारी दी है कि गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज-दादरी-प्रयागराज स्पेशल ट्रेन एक अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक रोजाना चलाई जाएगी। यानी पूरे अगस्त महीने में यह ट्रेन कुल 31 फेरे लगाएगी। इससे प्रयागराज, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दादरी के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे के इस फैसले को एनसीआर और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। खासकर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और नियमित यात्रा करने वालों को अब दिल्ली और गाजियाबाद जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
Location : Noida
Published : 27 May 2026, 6:51 PM IST