हिंदी
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कंधा देकर दी अंतिम विदाई
Maharajganj: महराजगंज जनपद के थाना बृजमनगंज में तैनात मुख्य आरक्षी रामनयन मौर्य का 22 दिसंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से असामयिक निधन हो गया। घटना थाना परिसर के निकट उस समय हुई, जब वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस हृदयविदारक घटना से जनपद पुलिस परिवार शोक में डूब गया है।
मुख्य आरक्षी रामनयन मौर्य को एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और सरल स्वभाव के पुलिसकर्मी के रूप में जाना जाता था। उन्होंने अपने पूरे सेवा काल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के प्रति ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य किया। सहकर्मियों के बीच वह अपने सहयोगी और मिलनसार व्यवहार के लिए विशेष रूप से सम्मानित थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीणा पुलिस लाइन पहुंचे। उन्होंने दिवंगत मुख्य आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा स्वयं कंधा देकर भावभीनी विदाई दी। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर में मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और जवानों की आंखें नम हो गईं।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कहा कि मुख्य आरक्षी रामनयन मौर्य का निधन पुलिस विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि रामनयन मौर्य जैसे समर्पित और ईमानदार पुलिसकर्मी विभाग की रीढ़ होते हैं, जिनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। पुलिस अधीक्षक ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव विभागीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
Gorakhpur: गीडा के खिलाफ किसानों का हुंकार, गीडा के खिलाफ किसानों का हुंकार
पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
Location : Maharajganj
Published : 23 December 2025, 6:00 PM IST
Topics : head constable Maharajganj News On Duty Death SP UP News