दूल्हा राजा करता रहा इंतजार, दुल्हन ब्यूटी पार्लर से प्रेमी साथ हुई रफूचक्कर, अब बेटी के पिता ने किया यह काम

चित्रकूट में शादी से ठीक पहले दुल्हन ब्यूटी पार्लर से अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पिता ने अपहरण का केस दर्ज कराया, लेकिन युवती ने वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही। मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 February 2026, 12:10 AM IST
google-preferred

Chitrakoot: शादी की खुशियों के बीच अचानक मचा हड़कंप, रोते-बिलखते परिजन और अपहरण की शिकायत- लेकिन कहानी में ऐसा ट्विस्ट आया कि मामला सीधा नहीं रहा। शहर कोतवाली क्षेत्र के छपरा माफी गांव में 25 वर्षीय युवती शादी से ठीक पहले ब्यूटी पार्लर से अपने प्रेमी के साथ चली गई। परिवार ने इसे अपहरण बताया, जबकि युवती ने वीडियो जारी कर दावा किया कि वह अपनी मर्जी से गई है।

मंडप से पहले बदल गई कहानी

दिव्या की शादी मानिकपुर के नागर गांव निवासी धनंजय से तय हुई थी। 12 फरवरी को बारात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां पूरे जोर पर थीं। 9 फरवरी को मंडप की रस्म होनी थी। उसी दिन दिव्या अपने पिता और छोटी बहन के साथ सीतापुर कस्बे के अपूर्वा ब्यूटी पार्लर मेकअप कराने पहुंची।

बताया जा रहा है कि मेकअप के बाद दिव्या पार्लर से बाहर निकली, जबकि उसकी बहन अंदर ही थी। इसी दौरान उसका प्रेमी आदित्य सिंह चौहान कार लेकर पहुंचा। मौका देखते ही दिव्या कार में बैठी और दोनों वहां से निकल गए। पिता ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी आंखों से ओझल हो चुकी थी।

पिता ने दर्ज कराया अपहरण का केस

घटना के बाद पिता सीधे कर्वी कोतवाली पहुंचे और आदित्य सिंह चौहान, शिवेंद्र और गरिमा दीक्षित के खिलाफ बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।

युवती का वीडियो और नया दावा

इधर, मामला बढ़ता उससे पहले ही दिव्या ने अपने प्रेमी के साथ एक वीडियो जारी कर सबको चौंका दिया। वीडियो में उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से गई है। उसके मुताबिक, माता-पिता उसकी शादी एक बड़े उम्र के युवक से जबरदस्ती करा रहे थे। मना करने पर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। दिव्या ने दावा किया कि उसने प्रयागराज में आर्य समाज रीति-रिवाज से आदित्य सिंह चौहान से शादी कर ली है और अब उसे सुरक्षा की जरूरत है। सोशल मीडिया पर कथित शादी की तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिससे मामला और चर्चा में आ गया है।

पुलिस क्या कह रही है?

पुलिस का कहना है कि युवती को बरामद कर न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल मामला प्रेम, परिवार और कानून के बीच फंसा हुआ है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और अदालत की प्रक्रिया पर टिकी है।

Location : 
  • Chitrakoot

Published : 
  • 12 February 2026, 12:10 AM IST

Advertisement
Advertisement