
झांसी में ससुराल के बाहर धरने पर बैठी महिला
Jhansi: दरवाजे पर ताला लटका है, बाहर जमीन पर बैठी एक महिला अपनी चार माह की मासूम बेटी को सीने से लगाए इंसाफ की गुहार लगा रही है। यूपी के झांसी में बुधवार शाम पारिवारिक विवाद इस कदर बढ़ गया कि मामला सड़क पर आ गया। महिला का आरोप है कि पति दूसरी शादी करना चाहता है और ससुराल वाले उसे घर में घुसने नहीं दे रहे।
क्या है पूरा मामला?
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के नारायण बाग के पास राय विहार कॉलोनी की है। 30 वर्षीय महिला का कहना है कि उसकी शादी 24 नवंबर 2024 को हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही एक युवती का फोन आया जिसने खुद को उसके पति की पहली पत्नी बताया। तब परिवार ने इसे गलतफहमी कहकर मामला शांत कराया।
महिला का आरोप है कि उसने अपने पति को अपनी भाभी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था, लेकिन उसने माफी मांग ली तो उसने बात खत्म कर दी। अब पति का किसी और से अफेयर है और वह उसी से शादी करना चाहता है। बेटी के जन्म के बाद उसे ताने दिए जाने लगे कि घर में बेटा चाहिए था। करीब डेढ़ महीने पहले वह मायके गई थी। आरोप है कि पति लेने नहीं आया और फोन उठाना बंद कर दिया। जब कोई नहीं आया तो वह खुद ससुराल पहुंच गई, जहां सास ने अंदर से ताला लगा लिया।
चौकी में समझौता, फिर पति हुआ फरार
महिला ने विश्वविद्यालय चौकी में शिकायत की। बुधवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया। वहां यह तय हुआ कि पति किराए पर कमरा लेकर पत्नी और बेटी के साथ रहेगा। लेकिन शाम को जब महिला सामान लेने घर पहुंची तो पति वहां से चला गया और सास ने दरवाजा बंद कर लिया। महिला का कहना है कि वह अपनी बेटी के साथ इसी घर में रहना चाहती है।
सास ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं सास का कहना है कि बहू का किसी और से संबंध है। उनका दावा है कि बेटे ने एक मैसेज पढ़ा था जिसमें लिखा था, “तुम कहो तो पति को गोली मार देंगे।” सास का कहना है कि बेटे की यह पहली शादी है और बहू झूठे आरोप लगा रही है।
पुलिस का क्या कहना है?
झांसी पुलिस के कोतवाली प्रभारी विद्यासागर ने बताया कि महिला को थाने बुलाया गया है। अगर वह लिखित शिकायत देती है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा, वरना दोनों पक्षों को बैठाकर समझौते की कोशिश की जाएगी। फिलहाल महिला अपनी मासूम बेटी के साथ ससुराल के बाहर डटी हुई है और इंसाफ की मांग कर रही है।
Location : Jhansi
Published : 13 February 2026, 6:24 AM IST
Topics : family dispute Jhansi News Jhansi Police UP News