बलरामपुर में शोर पर प्रशासन का फुल स्टॉप! बुलेट राजाओं के शौक पर 10 हजार की लगाम

बुलेट की पटाखेबाजी और मॉडिफाइड साइलेंसर का शौक अब आपकी जेब पर बहुत भारी पड़ने वाला है। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त के निर्देश पर बलरामपुर के एआरटीओ प्रशासन बृजेश कुमार और यातायात प्रभारी उमेश सिंह ने शहर की सड़कों पर एक बड़ा संयुक्त अभियान छेड़ दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 April 2026, 4:11 PM IST
Balrampur: बलरामपुर शहर की सड़कों पर कानफोड़ू आवाज और बुलेट से पटाखे छोड़कर दहशत फैलाने वाले बाइकर्स के खिलाफ प्रशासन ने अब तक का सबसे कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त के सख्त निर्देश के बाद, बलरामपुर के परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन साइलेंस छेड़ दिया है। इस अभियान के तहत न केवल सड़कों पर चेकिंग की जा रही है, बल्कि उन ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है जहाँ ये मॉडिफाइड साइलेंसर बेचे और लगाए जाते हैं।

शुक्रवार की देर रात को एआरटीओ प्रशासन बृजेश और प्रभारी निरीक्षक यातायात उमेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख चौराहों पर नाकेबंदी की। अभियान के दौरान विशेष रूप से उन दोपहिया वाहनों को रोका गया जिनके साइलेंसर मानक के अनुरूप नहीं थे। अधिकारियों ने मौके पर ही ध्वनि प्रदूषण मापने वाले उपकरणों का प्रयोग किया और नियम तोड़ने वालों पर मोटर यान अधिनियम के तहत भारी जुर्माना लगाया।

रियायत का समय खत्म

एआरटीओ बृजेश ने स्पष्ट किया कि अब रियायत का समय खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा ध्वनि प्रदूषण न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है बल्कि यह बुजुर्गों और मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। यदि कोई दोबारा उल्लंघन करते पाया गया तो वाहन को सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रशासन की इस बार की रणनीति कुछ अलग है। पुलिस अब सिर्फ बाइक चलाने वालों को ही नहीं बल्कि उन वर्कशॉप और ऑटो पार्ट्स की दुकानों पर भी छापेमारी कर रही है जहाँ अवैध साइलेंसर का स्टॉक रखा जाता है। प्रभारी निरीक्षक उमेश सिंह ने बताया कि अवैध रूप से साइलेंसर बदलने वाले मैकेनिकों को चिन्हित किया जा रहा है और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि वे इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाए गए तो उनकी दुकानों को सील करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

स्थानीय निवासियों ने स्वागत किया

प्रशासन के इस कड़े कदम का स्थानीय निवासियों ने स्वागत किया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाम होते ही सड़कों पर स्टंटबाजी और साइलेंसर से निकलने वाली पटाखों जैसी आवाज से लोग सहम जाते थे। इस अभियान से न केवल ध्वनि प्रदूषण कम होगा बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है।

यातायात विभाग के अनुसार यह विशेष अभियान आने वाले हफ्तों में भी जारी रहेगा। विशेषकर स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों के आसपास के क्षेत्रों में सादी वर्दी में भी पुलिस तैनात की गई है ताकि नियमों की धज्जियाँ उड़ाने वाले रईसजादों पर लगाम कसी जा सके।

Location :  Balrampur

Published :  25 April 2026, 4:11 PM IST