हिंदी
आम आदमी पार्टी ने परशुराम चौधरी को गौतमबुद्ध नगर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। यह नियुक्ति सांसद संजय सिंह की सहमति से की गई। कार्यक्रम सेक्टर 89 स्थित पार्टी कार्यालय में हुआ। कार्यक्रम में युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना की भी विशेष उपस्थिति रही।
जिलाध्यक्ष बने परशुराम चौधरी
Noida: आम आदमी पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने के मकसद से परशुराम चौधरी को गौतमबुद्ध नगर का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह की सहमति से की गई। पश्चिमी प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने नए जिलाध्यक्ष की घोषणा की। इस अवसर पर जिला प्रभारी सीएम चौहान मौजूद रहे। कार्यक्रम में युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना की भी विशेष उपस्थिति रही।
यह घोषणा सेक्टर-89 स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय में की गई। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजीव निगम ने बताया कि परशुराम चौधरी आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और अलग-अलग पदों पर रहकर संगठन के लिए लगातार काम करते रहे हैं। पार्टी के प्रचार और संगठन विस्तार के लिए उन्होंने कई जगहों पर जाकर सक्रिय भूमिका निभाई है।
नोएडा में 17वीं मंजिल से गिरे इंडियन ऑयल के वरिष्ठ अधिकारी, जानें किस वजह से हुआ हादसा
जिलाध्यक्ष बनने से पहले परशुराम चौधरी पार्टी के ओबीसी प्रकोष्ठ में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके अलावा, वे भारतीय सेना से सैनिक भी रहे हैं। सेना में रहते हुए उन्होंने देश की सेवा की। अब राजनीति के माध्यम से समाज और जनता की सेवा करने का संकल्प लिया है।
जिलाध्यक्ष बनने के बाद परशुराम चौधरी ने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि वे जिले के सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। ईमानदारी, मेहनत और लगन के साथ वे आम आदमी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
इस मौके पर युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना और जिला प्रभारी सीएम चौहान ने संयुक्त रूप से बताया कि सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में चल रही पदयात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत 16 जनवरी को मिर्जापुर से होगी। यह पदयात्रा 22 जनवरी को सारनाथ, वाराणसी में समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि इस पदयात्रा में गौतमबुद्ध नगर से जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस पदयात्रा से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आम आदमी पार्टी का संदेश प्रदेश भर में पहुंचेगा।