हिंदी
व्यक्ति का आरोप
हमीरपुर : राठ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दबंगों की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक अधेड़ व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसे दो नामजद समेत करीब छह अज्ञात लोगों ने अगवा कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और अमानवीय यातनाएं दीं।
पीड़ित के मुताबिक, वह रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि दबंग उसे गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर ले गए, जहां उसके साथ जमकर मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे राठ के पठानपुरा मोहल्ले में एक घर के अंदर ले गए और बंधक बनाकर रखा। इस दौरान दबंगों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन शराब पिलाई।
Video: हाथरस, हमीरपुर और हरदोई में किसकी मजबूत पकड़? यूपी चुनाव 2027 को लेकर सामने आई बड़ी खबर
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दबंगों ने उसके कपड़े उतारकर गुप्तांग में पेट्रोल डालकर प्रताड़ित किया। मारपीट इतनी ज्यादा की गई कि उसके कानों से खून निकलने लगा।
पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह आरोपियों के कब्जे से निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। इसके बाद वह राठ कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पहले भी उसे धमकाते रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
Location : Hamirpur
Published : 9 September 2026, 5:33 PM IST