Maharajganj: छोटी सी चूक युवक पर पड़ी भारी, परिजनों के आरोप ने मामले को बनाया गंभीर

महराजगंज के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में टेंट हाउस पर काम करते समय करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों ने सूचना देर से देने और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 May 2026, 2:21 PM IST

Maharajganj: जनपद में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में खत्म कर दिया। कामकाज के दौरान हुई छोटी सी चूक एक युवक की जान ले बैठी और पूरे इलाके में मातम फैल गया। करंट की चपेट में आए मजदूर की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

कैसे हुआ हादसा

घटना सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहनापुर के टोला मंठहिया की है, जहां शनिवार शाम करीब 5 बजे अमन भारती पुत्र श्रीनिवास उर्फ सुभाष रोज की तरह टेंट हाउस पर काम कर रहा था। अमन दिहाड़ी मजदूर के रूप में टेंट हाउस में काम करता था और सामान उतारने का कार्य कर रहा था।

इसी दौरान वह लोहे का एक भारी पाइप उठा रहा था। बताया जा रहा है कि यह पाइप अचानक पास में लगे बिजली ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गया। जैसे ही पाइप ट्रांसफार्मर से छुआ, तेज करंट पूरे पाइप में फैल गया और अमन उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

साइबर ठगी का मास्टरमाइंड चढ़ा UP STF के हत्थे, महाराजगंज से निकला नेटवर्क

अस्पताल पहुंचने पर मौत की पुष्टि

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। टेंट हाउस के मालिक शारदा गुप्ता ने तत्काल अमन को अपने निजी वाहन से केएमसी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

परिजनों के गंभीर आरोप

अस्पताल पहुंचने के बाद मामला और तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई। साथ ही उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में शव को वाहन से उतारने के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट जैसी स्थिति पैदा हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  3 May 2026, 2:21 PM IST