मैनपुरी में प्रेमी संग जहर खाकर थाने पहुंची किशोरी की मौत, युवक की हालत गंभीर

मैनपुरी के औंछा कस्बे में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। विवाहित प्रेमी के साथ गई किशोरी जहर खाने के बाद थाने की दहलीज तक पहुंची, लेकिन अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 15 May 2026, 7:34 PM IST
Mainpuri: मैनपुरी के औंछा कस्बे में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। विवाहित प्रेमी के साथ गई किशोरी जहर खाने के बाद थाने की दहलीज तक पहुंची, लेकिन अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं युवक की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई सैफई रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

थाने पहुंचने से पहले बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी बृहस्पतिवार को पड़ोसी गांव निवासी एक विवाहित युवक के साथ चली गई थी। परिजनों ने युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। पुलिस और परिवार दोनों उनकी तलाश कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि दोनों जनपद एटा के आसपुर क्षेत्र में युवक के परिजनों को मिल गए। शुक्रवार दोपहर परिजन दोनों को लेकर थाना औंछा आ रहे थे। इसी दौरान थाने में प्रवेश करने से पहले किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ी।

चिकित्सक ने किया मृत घोषित

घटना के बाद युवक और उसके परिजन किशोरी को पास के एक चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ देर बाद युवक की हालत भी बिगड़ने लगी। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे Post Graduate Institute of Medical Sciences Saifai रेफर कर दिया गया।

चार माह पहले हुई थी युवक की शादी

पुलिस के अनुसार किशोरी के साथ गया युवक पड़ोसी गांव गढ़ी का रहने वाला है और उसकी शादी चार महीने पहले ही हुई थी। मृतका के चाचा ने आरोप लगाया कि किशोरी थाने के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी थी, जबकि युवक सामान्य हालत में था। उनका कहना है कि पुलिसकर्मियों ने ही लड़की को अस्पताल ले जाने को कहा था।

हालांकि पुलिस का दावा है कि घटना थाने के बाहर हुई थी। इसको लेकर अलग-अलग बयान सामने आने से मामला और संवेदनशील हो गया है।

मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू

Abhishek Tiwari ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृतका का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से बातचीत होती थी और एक दिन पहले दोनों साथ गए थे।

एसपी ग्रामीण ने कहा कि परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के दौरान दोनों के जहर खाने की जानकारी मिली। पुलिस सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  15 May 2026, 7:34 PM IST