
पंकज मलिक टीबी कार्यक्रम के दौरान (Img: X)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चरथावल के विधायक पंकज मलिक ने लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
विधायक पंकज मलिक ने कहा कि टीबी एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना या टीबी से जुड़े अन्य लक्षण दिखाई दें तो वह बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराए। समय पर जांच और उपचार से मरीज जल्दी स्वस्थ हो सकता है और संक्रमण के फैलाव को भी रोका जा सकता है।
विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग टीबी उन्मूलन के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रहा है। मरीजों की पहचान, निशुल्क जांच, मुफ्त दवा वितरण और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से टीबी मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, जिला समन्वयक टीबी कार्यक्रम सहवान उल हक, संजीव शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 19 June 2026, 5:28 PM IST
Topics : Health Department muzaffarnagar news Pankaj Malik TB Free India Campaign Tuberculosis Awareness