
सुल्तानपुर में जनजीवन बेहाल
Sultanpur: जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही अतिवृष्टि से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान गिरने लगे हैं, खेतों में पानी भरने से बालियां निकल रही धान की फसल धराशायी हो रही है। बड़ी संख्या में पेड़ गिरने और कई मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
हालात को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें लगातार मैदान में डटी हैं। जिलाधिकारी ने देर रात जिलेवासियों के लिए एडवाइजरी जारी कर अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की।
सुल्तानपुर में जनजीवन बेहाल
जिलाधिकारी के मुताबिक, बारिश के दौरान जिले के विभिन्न मार्गों पर करीब 100 पेड़ गिर गए थे। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे में पेड़ों को हटाकर आवागमन बहाल कराया। जलभराव और बारिश से क्षतिग्रस्त मुख्य मार्गों को दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
अतिवृष्टि से विद्युत व्यवस्था को भी भारी नुकसान पहुंचा। जिले में 1071 विद्युत खंभे गिर गए, जबकि तारों पर पेड़ गिरने से 21 विद्युत उपकेंद्र बंद हो गए। इसके अलावा 89 ट्रांसफार्मर खराब हुए। अधिशासी अभियंताओं, जूनियर इंजीनियरों और तकनीकी सहायकों की टीमों ने दिनभर युद्धस्तर पर काम कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया।
सुल्तानपुर में भारी बारिश से हाहाकार
डीएम ने भारी बारिश के बीच राहत एवं बचाव कार्य में जुटे विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर जनता का विश्वास कायम रखा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि दिनभर कराए गए सर्वे में 42 मकानों के गिरने की जानकारी मिली है। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
डीएम ने बताया कि गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की है। साथ ही पेड़-पौधों, जर्जर भवनों और अन्य कमजोर संरचनाओं के पास खड़े न होने की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि जिले में अभी भी ऑरेंज अलर्ट है। ऐसे में लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।
Location : Sultanpur
Published : 27 September 2026, 12:20 AM IST