
व्यापरियों साथ बैठकर करते एसपी
Sultanpur: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। गणेश प्रतिमा विसर्जन, दुर्गापूजा और दशहरा को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बल्दीराय थाना क्षेत्र के वल्लीपुर में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। एसपी ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
त्योहारों से पहले वल्लीपुर में पुलिस गश्त
पैदल गश्त के बाद पुलिस अधीक्षक ने वल्लीपुर में व्यापारियों और स्थानीय संभ्रांत लोगों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
गणेश प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए एसपी ने विसर्जन मार्गों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस बल को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहने और लोगों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार, थाना प्रभारी बल्दीराय सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Location : Sultanpur
Published : 19 September 2026, 5:36 AM IST