
मीटर फटने से कई लोग झुलसे (Img: AI Generated Image)
Sultanpur: आवास विकास कालोनी में बीते दिन की दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पानी की टंकी के पास एक के बाद एक कई घरों में लगे स्मार्ट मीटर फट गए। एक घर में शॉर्ट सर्किट के बाद करंट फैलने से परिवार के चार सदस्य झुलस गए। हादसे में दो बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत फैल गई और बिजली विभाग को लेकर नाराजगी भी सामने आई।
पानी की टंकी के पास एक घर में अचानक स्मार्ट मीटर तेज आवाज के साथ फट गया। इसके बाद घर में शॉर्ट सर्किट हुआ और करंट फैल गया। उस समय सुमित अग्रहरि घर से बाहर थे। पड़ोसियों से जानकारी मिलने के बाद वह तुरंत घर पहुंचे तो परिवार के सदस्य झुलसे मिले। घर के अंदर भी काफी नुकसान हुआ था।
हादसे में सुमित की पत्नी प्रीति अग्रहरि, तीन वर्षीय बेटी राजवी, छोटे भाई की पत्नी कंचन और एक अन्य बच्ची के झुलसने की जानकारी सामने आई है। कंचन के सिर में भी गंभीर चोट लगी है। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें निजी अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें- 60 के बाद नहीं फैलानी पड़ेगी हथेली, सुलतानपुर में मानधन योजना से जुड़े हजारों छोटे कारोबारी और मजदूर
बताया गया कि सुमित के घर के अलावा आसपास के छह अन्य घरों में लगे स्मार्ट मीटर भी फट गए। हालांकि, इन घरों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे।सुमित ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सूचना देने के बाद विभागीय कर्मचारी करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंचे। वहीं विभाग ने घटना की वजह को लेकर अलग तस्वीर सामने रखी है।
विद्युत वितरण खंड के अधिशाषी अभियंता अश्वनी कुमार वर्मा के अनुसार, हादसा मीटर फटने से नहीं बल्कि 132 KV लाइन में छेड़छाड़ के कारण हुआ। उनके मुताबिक, घर के पास सहजन का पेड़ लगाया गया था और किसी व्यक्ति ने उसे काटने का प्रयास किया। इसी दौरान पेड़ 132 KV लाइन के संपर्क में आ गया।
ये भी पढ़ें- ‘पढ़ाई गई तेल लेने, मैडम जी बना रहीं रील’ मुजफ्फरनगर के सरकारी स्कूल में फिल्मी गानों पर थिरकीं शिक्षिकाएं
अधिकारी के अनुसार लाइन में गड़बड़ी होने से पास के घर में भी करंट पहुंच गया, जिससे विद्युत मीटर क्षतिग्रस्त हो गया। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह साफ होगा कि आखिर पेड़ के संपर्क में आने से लाइन में किस तरह की गड़बड़ी हुई और कई घरों के मीटर एक साथ क्यों फट गए।
Location : Sultanpur
Published : 22 August 2026, 1:06 PM IST