
दीपावली से पहले सुलतानपुर प्रशासन सख्त (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: त्योहारों की रौनक के बीच सड़कों पर होने वाले हादसों और अव्यवस्थित यातायात को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के दौरान सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। कहीं सड़क पर गड्ढे हादसों की वजह न बनें तो कहीं तेज रफ्तार वाहन लोगों की जान के लिए खतरा न बनें, इसके लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू की है।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने संबंधित विभागों को चार दिन के भीतर सड़कों को गड्ढामुक्त करने और मरम्मत कार्यों की रिपोर्ट देने का अल्टीमेटम दिया है। वहीं पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए ओवरस्पीडिंग पर लगाम लगाने के लिए गति सीमा कम करने के निर्देश दिए गए हैं। एक्सप्रेसवे पर संचालित 16 पेट्रोलिंग वाहनों और 24 एंबुलेंस की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा और आगामी त्योहारों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, यूपीडा, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर पालिका और परिवहन विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में त्योहारों के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तार से समीक्षा की गई। एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि यहां सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं के लिए 16 पेट्रोलिंग वाहन, दो कंट्रोल रूम, चार सब सेंटर और 24 एंबुलेंस संचालित हैं। इसके अलावा यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 14449 भी उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण करने और ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के निर्देश दिए।
सड़कों की खराब स्थिति को लेकर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, मंडी समिति और नगर पालिका समेत संबंधित विभागों को चार दिन के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। अधिकारियों से केवल मरम्मत कार्य पूरा करने की जानकारी ही नहीं, बल्कि काम से संबंधित अभिलेखीय विवरण भी मांगा गया है। बैठक में मंडी समिति के चार संपर्क मार्गों की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई। वहीं नगर पालिका की ओर से बताया गया कि दुर्गापूजा से पहले नगर क्षेत्र की सभी 11 सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जा चुका है।
दीपावली से पहले सुलतानपुर प्रशासन सख्त (IMG: Dynamite News)
बैठक के दौरान वाहनों के खिलाफ की गई प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा हुई। एआरटीओ ने बताया कि बीती रात से अब तक 36 वाहनों का चालान किया गया है। इसके अलावा इस महीने अब तक 40 बसों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने चालान अभियान में तेजी लाने और चालान की रसीद समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त बिहार नंबर की बसों का विवरण भी प्रस्तुत करने को कहा, ताकि संबंधित मामलों की जानकारी की समीक्षा की जा सके।
त्योहारों के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस को नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा जिले में दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया। इन स्थानों पर रिफ्लेक्टर, रेडियम साइनेज, रंबल स्ट्रिप और व्हाइट लाइन मार्किंग कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहन चालकों को पहले से खतरे का संकेत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं के पीछे ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना, गलत दिशा में ड्राइविंग और शराब पीकर वाहन चलाने जैसी लापरवाहियां सामने आती हैं। ऐसे में केवल सुरक्षा इंतजाम करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
Location : Sultanpur
Published : 2 November 2026, 6:04 PM IST
Topics : Diwali Traffic Safety DM Indrajeet Singh Purvanchal Expressway SP Vineet Jaiswal sultanpur news