Sultanpur: जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदलीं, घर लौटते परिवार पर डंपर का कहर, मां-बेटी की मौत

सुल्तानपुर में जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदल गईं। मेले से लौट रहे एक परिवार पर तेज रफ्तार डंपर कहर बनकर टूटा, हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मासूम बेटे और देवर के घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 5 September 2026, 7:01 AM IST

Sultanpur: कृष्ण जन्माष्टमी का मेला देखकर घर लौट रहे बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय बेटा और देवर घायल हो गए। हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार के पास अयोध्या-प्रयागराज हाई-वे पर हुआ।

मेला देखकर लौट रहे थे घर

इनायतपुर गांव निवासी अवधेश (40) अपनी भाभी रेखा (32), भतीजी वर्षा (12) और रेखा के बेटे तेजस (10) के साथ गुप्तागंज बाजार में कृष्ण जन्माष्टमी का मेला देखने गए थे। मेला देखकर सभी बाइक से घर लौट रहे थे। बाबूगंज बाजार के आगे पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

3 सितंबर से बंद हो जाएगा काम? सुलतानपुर में स्वच्छ भारत मिशन के आउटसोर्स कर्मचारियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

फरार चालक की तलाश शुरू

हादसे में रेखा और उनकी बेटी वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घायल तेजस और अवधेश का उपचार कराया गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिवार में मातम पसरा है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  sultanpur

Published :  5 September 2026, 6:52 AM IST