Sultanpur: शादी में हुई हर्ष फायरिंग ने बुझाया एक घर का चिराग, परिवार में मचा कोहराम

सुल्तानपुर में रविवार को एक घर में बारात की खुशियां मातम में बदल गई। समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 2 November 2026, 6:14 AM IST

Sultanpur: कादीपुर के फुटेहरी बनेकागांव में रविवार शाम को शादी समारोह में जश्न के बीच चली एक गोली ने पांच साल के मासूम की जिंदगी छीन ली। गांव में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की चपेट में आने से पांच वर्षीय अंश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया

शादी समारोह में चली गोली, गंभीर रूप से घायल हुआ मासूम

जानकारी के मुताबिक, घटना बनकेगांव के पास स्थित फुटेहरी गांव की है। यहां वैवाहिक समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की गई। इसी दौरान चली गोली पांच वर्षीय अंश पटेल को लग गई। गोली लगते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और वहां मौजूद लोग घायल बच्चे को बचाने के लिए दौड़े।

गंभीर हालत में अंश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी।

मौके पर जांच करती पुलिस

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

इलाज के दौरान अंश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस परिवार में वैवाहिक समारोह को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां चीख-पुकार मच गई। मासूम की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

घटना कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में सूरापुर के निकट की बताई जा रही है। हर्ष फायरिंग की इस घटना ने समारोह में मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

सुल्तानपुर में प्रेमी जोड़े ने खुद को लगाई आग, दोनों गंभीर रूप से झुलसे; गांव में मचा हड़कंप

हर्ष फायरिंग ने फिर खड़े किए गंभीर सवाल

शादी और अन्य समारोहों में हथियारों का प्रदर्शन तथा हर्ष फायरिंग पहले भी गंभीर हादसों की वजह बनती रही है। फुटेहरी गांव की इस घटना ने एक बार फिर ऐसी लापरवाही के खतरों को उजागर किया है।फिलहाल पांच वर्षीय अंश की मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

Jindal Estate Cup पर दो टीमों का कब्जा, पोलो एस्टेट और मेफेयर पोलो बने संयुक्त विजेता

पुलिस की कार्रवाई

सूचना पर क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की है। उन्होंने बताया कि फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है।

Location :  Sultanpur

Published :  2 November 2026, 6:01 AM IST