Sultanpur News: श्रमिकों के लिए बड़ी राहत: दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे दोबारा शुरू लेबर अड्डा, मिलेंगी ये खास सुविधाएं

सुलतानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित लेबर अड्डे का निरीक्षण किया। प्रशासन का उद्देश्य कामगारों को एक निर्धारित स्थान पर रोजगार के साथ-साथ स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 September 2026, 1:04 PM IST

Sultanpur: जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित लेबर अड्डे का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद श्रमिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, रोजगार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

दरियापुर लेबर अड्डे का डीएम ने किया निरीक्षण

श्रमिकों को एक स्थान पर एकत्रित कर रोजगार के साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा और श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुछ माह पूर्व दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे लेबर अड्डा स्थापित किया गया था। हालांकि, इसके बाद भी बड़ी संख्या में श्रमिक शाहगंज चौराहे पर काम की तलाश में पहुंचते रहे।

यह भी पढ़ें - Sultanpur News: पीडी के निलंबन के बाद किसे मिली डीआरडीए की कमान? अजीत कुमार सिंह को अतिरिक्त प्रभार

पुराने ठिकाने को ध्यान में रखकर दोबारा शुरू हुआ संचालन

श्रमिकों के पुराने ठिकाने को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अब दरियापुर स्थित लेबर अड्डे का दोबारा संचालन शुरू कराया है। प्रशासन का उद्देश्य कामगारों को एक निर्धारित स्थान पर एकत्रित कर उन्हें रोजगार के साथ सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और श्रमिक कल्याणकारी कार्यक्रमों से जोड़ना है।

श्रमिकों से संवाद कर योजनाओं की दी जानकारी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों से सीधे संवाद किया और श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में लेबर अड्डे पर श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाएगा तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें - Sultanpur: त्योहारों से पहले वल्लीपुर में बढ़ाई गई सुरक्षा, एसपी ने खुद संभाला मोर्चा

स्वास्थ्य जांच के लिए लगाए जाएंगे मेडिकल कैंप

श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल कैंप लगाने की भी तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित शिविरों में एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। प्रशासन की मंशा लेबर अड्डे को एक स्थायी श्रमिक केंद्र के रूप में विकसित करने की है, जहां काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को रोजगार संबंधी जानकारी, स्वास्थ्य जांच, पंजीकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके।

Location :  Sultanpur

Published :  21 September 2026, 1:04 PM IST