
सुल्तानपुर में बैंक सखियों का फूटा दर्द (Img: Dynamite News)
Sultanpur: जिले की बैंक सखियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित चार सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा है। पत्र में बैंक सखियों ने कहा है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की वित्तीय समावेशन योजना को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन वर्तमान में मिलने वाला मानदेय महंगाई के दौर में बेहद कम है।
बैंक सखियों ने मांग की है कि उनका मासिक मानदेय बढ़ाकर 25,000 से 30,000 के बीच किया जाए ताकि वे सम्मानजनक तरीके से परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
मांग-पत्र में बैंक सखियों ने अपनी सेवा को स्थायी किए जाने की मांग की है। साथ ही कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए उन्हें निःशुल्क स्मार्टफोन तथा प्रतिमाह मुफ्त डेटा/कॉलिंग रिचार्ज की सुविधा दी जाए।
यह भी पढ़ें - Sultanpur Traffic News: सड़क पर निकलते ही लोग कर रहे सबसे बड़ी लापरवाही, 68 हजार से ज्यादा चालान
इसके अलावा प्रत्येक बैंक सखी का निःशुल्क जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा कराने तथा बैंक शाखाओं के भीतर बैठने के लिए उचित स्थान, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। बैंक सखियों का कहना है कि वे पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की है।
Location : Sultanpur
Published : 28 September 2026, 2:49 PM IST