रायबरेली के हरचंदपुर बाजार में अचानक फायरिंग, आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल; शहर में दहशत

हरचंदपुर थाना क्षेत्र के रघुवीरगंज बाजार में 15 अगस्त को दुकान की कब्जेदारी को लेकर विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे की झड़प के बाद फायरिंग भी हुई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। इस हिंसक घटना में कुछ राहगीर भी चोटिल हुए। पुलिस ने जांच शुरू कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि बाकी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस मामले ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया है।

Raebareli: रायबरेली जनपद के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के रघुवीरगंज बाजार में 15 अगस्त के दिन एक दुकान की कब्जेदारी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने के बाद फायरिंग तक की नौबत आ गई। इस हिंसक झड़प में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ राहगीर भी शामिल थे।

घटना का सीसीटीवी वीडियो आया सामने

घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें लोगों को पिस्तौल और लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग करते देखा जा सकता है। फायरिंग से पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। वीडियो में यह पूरी झड़प साफ नजर आती है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं।

बिजनेस पार्टनर के बीच बढ़ा विवाद

इस हिंसा की जड़ में अशोक और सुधीर सिंह नाम के दो व्यवसायी हैं, जो आपस में बिजनेस पार्टनर थे और दुकान बनाकर बेचने का काम करते हैं। हाल ही में हरचंदपुर में एक दुकान बेचने के बाद हिसाब-किताब को लेकर दोनों में विवाद हो गया था, जो बाद में हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। सुधीर सिंह के पक्ष ने अशोक और उसके साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे कई लोग घायल हुए। सूचना पर सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार और हरचंदपुर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

घायल लोगों की हालत गंभीर

फायरिंग में घायल लोगों में कंडोरा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद इजहार, आशुतोष, सुरेश पाल, और सरफराज का नाम शामिल है। गंभीर रूप से घायल इजहार और आशुतोष को जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों में मयंक, धीरेन्द्र सिंह राणा, अजीत सिंह, अशोक सिंह, आनंद लोधी, सोनू और राजेन्द्र कुमार भी शामिल हैं। सभी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। एएसपी संजीव कुमार सिन्हा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और रिपोर्ट तलब की।

रायबरेली में मेजर ध्यानचंद जयंती पर बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता, डीएम ने लिया स्टेडियम निर्माण कार्य का जायजा

पुलिस की कार्रवाई जारी

घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। घायल धीरेन्द्र सिंह राणा ने बताया कि विवादित प्रॉपर्टी पर उन्होंने दुकान बनाई थी, जिसे दूसरा पक्ष ताला तोड़कर कब्जाने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही वे लोग मौके पर पहुंचे, सामने वाले पक्ष ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में प्रसाद सिंह भोले, जितेंद्र सिंह जीतू सहित कई अन्य लोग शामिल थे, जिन्होंने गैर-लाइसेंसी हथियारों से भी हमला किया। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 30 August 2025, 10:45 AM IST