हिंदी
महराजगंज में छात्रा के शव मिलने से मचा हड़कंप (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: नगर पालिका परिषद क्षेत्र में स्थित एक मैरेज हॉल से सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। एक नाबालिग छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक छात्रा की पहचान लक्ष्मी रावत (उम्र लगभग 14 वर्ष) पुत्री चंदन, निवासी पिपराइच (गोरखपुर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी अपने पिता के साथ उक्त मैरेज हॉल परिसर में ही रहती थी, जहां उसके पिता चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं।
परिजनों के अनुसार सोमवार को छात्रा अपने स्कूल रिजल्ट लेने गई थी। रिजल्ट देखने के बाद वह घर लौटी। कुछ देर बाद जब परिजन अन्य कार्यों में व्यस्त हो गए, तभी यह दर्दनाक घटना हो गई। जब काफी देर तक छात्रा नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान मैरेज हॉल के एक कमरे में उसका शव मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और घर में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Location : Maharajganj
Published : 6 April 2026, 8:47 PM IST