गोरखपुर कलेक्ट्रेट-एमपी पॉलिटेक्निक में डीएम-एसएसपी का सख्त निरीक्षण

विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने कलेक्ट्रेट परिसर तथा एमपी पॉलिटेक्निक में निर्माणाधीन बहुमंजिला भवनों का अचानक गहन निरीक्षण किया।

Gorakhpur: विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने कलेक्ट्रेट परिसर तथा एमपी पॉलिटेक्निक में निर्माणाधीन बहुमंजिला भवनों का अचानक गहन निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निर्माण स्थलों पर हर कोने की परख की और कार्यदायी एजेंसी को साफ चेतावनी दी कि गुणवत्ता से कोई खिलावड़ नहीं चलेगा।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं

निरीक्षण के दौरान डीएम दीपक मीणा ने निर्माण कार्य की प्रगति, प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों का पालन और निर्धारित समयसीमा का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भवनों का निर्माण तय समय के अंदर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा, "प्रत्येक चरण में मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। सामग्री मानक के अनुरूप होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"

डीएम ने कार्यस्थल पर साफ-सफाई, मजदूरों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सख्त हिदायतें दीं। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यातायात प्रबंधन का विशेष जायजा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का विशेष जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के कारण आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो। आसपास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहकर सभी व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा।

Maharajganj: पत्नी को विदा कराने ससुराल आए युवक ने ब्लेड से रेता अपना गला, घटना से इलाके में हडकंप

इस दौरान एडीएम वित्त विनीत कुमार सिंह, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के इंजीनियर, अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था से अब तक हुई प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट ली और शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए कार्ययोजना तुरंत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में चल रहे सभी महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों पर प्रशासन की नजर है। विकास परियोजनाओं को समय से पूरा कर जनता को उनका पूरा लाभ दिलाना लक्ष्य है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।

यह निरीक्षण प्रशासन की मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है कि गोरखपुर में चल रहे बड़े निर्माण कार्य बिना किसी समझौते के उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे होंगे। जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए डीएम और एसएसपी की यह संयुक्त पहल सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  12 April 2026, 7:58 AM IST

Advertisement