
आरोपी आशुतोष सिंह (Img: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चंदौली जिले से 50 हजार रुपये का इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आशुतोष सिंह को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई जब वह राजधानी में पहचान छिपाकर रह रहा था। STF की कार्रवाई के बाद उसके पुराने आपराधिक मामलों और फरारी को लेकर कई अहम खुलासे सामने आए हैं।
एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि कई इनामी अपराधी अलग-अलग जिलों में छिपकर रह रहे हैं। इसी इनपुट पर अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम लगातार अभिसूचना जुटाने में लगी हुई थी।
13 मई 2026 को STF टीम लखनऊ में सक्रिय थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चंदौली जिले के सैयदराजा थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित आशुतोष सिंह आशियाना क्षेत्र स्थित मां गायत्री स्वीट्स एंड नमकीन के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी गौरव सिंह, विनोद सिंह और अखिलेश कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। शाम करीब 7:10 बजे आरोपी को बिना किसी विरोध के गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद STF ने आरोपी से पूछताछ शुरू की, जिसमें उसने कई अहम बातें कबूल कीं।
मिर्जापुर में रिजल्ट से आहत 18 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम
पूछताछ में आशुतोष सिंह ने बताया कि जून 2025 में उसके परिवार की संपत्ति की पैमाइश चल रही थी। इसी दौरान परिवार के सदस्य शैलेन्द्र कुमार सिंह से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में उसने अपने दोस्त गोलू उर्फ राजीव सिंह के साथ मिलकर शैलेन्द्र सिंह को जान से मारने की धमकी दी थी।
इतना ही नहीं, आरोपी ने डर फैलाने के लिए हवा में कई राउंड फायरिंग भी की थी। घटना के बाद उसके खिलाफ सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और वह तभी से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और लखनऊ में छिपकर रह रहा था।
सूत्रों के मुताबिक STF काफी समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। मोबाइल लोकेशन और स्थानीय इनपुट के आधार पर टीम ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। आखिरकार मिठाई की दुकान के पास आरोपी के होने की पुख्ता सूचना मिलते ही STF ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।
झांसी में नई नवेली दुल्हन की मौत से सनसनी: 14 दिन पहले हुई थी शादी, पति की कहानी पर बड़ा सस्पेंस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आशुतोष सिंह के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 में उसके खिलाफ लूट और धोखाधड़ी से जुड़ा मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस उसके पूरे आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को सैयदराजा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। अब स्थानीय पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Location : Lucknow
Published : 14 May 2026, 11:04 AM IST