
बलरामपुर में सपा का शक्ति प्रदर्शन
Balrampur: बलरामपुर में सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में हुआ विशाल विरोध प्रदर्शन राजनीतिक माहौल को गर्म कर गया। महंगाई, बेरोजगारी, बिजली कटौती, पेपर लीक और किसानों की समस्याओं को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस प्रदर्शन ने एक बार फिर सूबे की राजनीति में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच टकराव को तेज कर दिया है।
प्रदर्शन की शुरुआत वीर विनय चौराहे से हुई, जहां बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और नेता जुटे। देखते ही देखते यह मार्च एक विशाल जनसैलाब में बदल गया और कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ता चला गया। पूरे रास्ते “महंगाई बंद करो”, “पेपर लीक बंद करो” और “बेरोजगारी हटाओ” जैसे नारे गूंजते रहे।
बलरामपुर में नाबालिग से दरिंदगी करने वाला मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, जबकि किसानों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बिजली संकट को लेकर भी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए गए और कहा गया कि ग्रामीण इलाकों में अघोषित कटौती ने लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है।
प्रदर्शन में श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आम जनता महंगाई और भ्रष्टाचार की मार झेल रही है, लेकिन सरकार जमीनी समस्याओं से ध्यान भटकाने में लगी है। वहीं विधायक राकेश यादव ने बिजली संकट, खाद की कमी और बेरोजगारी को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में हालात बदतर हैं और लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं।
पूर्व प्रत्याशी डॉ. भानु तिवारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे कथित घोटालों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है और परीक्षा प्रणाली पर से भरोसा उठता जा रहा है।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें प्रमुख मांगें शामिल थीं बिजली दरों में कटौती, गैस और ईंधन की कीमतों में राहत, पेपर लीक की जांच, बेरोजगारी पर रोक, किसानों के लिए MSP की गारंटी और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता।
Location : Balrampur
Published : 8 June 2026, 3:46 PM IST