गोरखपुर-खजनी मार्ग पर गुरुवार दोपहर गीडा थाना क्षेत्र के नगवा के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा दोपहर करीब 12 बजे का बताया जा रहा है।

खजनी मार्ग पर भीषण हादसा
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां इसी कड़ी में एक और सड़क हादसे की घटना जुड़ गई है। दरअसल जनपद के गोरखपुर-खजनी मार्ग पर गुरुवार दोपहर गीडा थाना क्षेत्र के नगवा के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा दोपहर करीब 12 बजे का बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पल्सर बाइक सवार गुलशन साहनी सड़क से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बाईं ओर भागने की कोशिश में दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान होंडा साइन बाइक सवार विजय कुमार ट्रेलर के नीचे आ गए, जिससे उनके हाथ बुरी तरह कुचल गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घायलों में विजय कुमार (पुत्र अश्वनी कुमार, निवासी बेलघाट हनुमान मंदिर) की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। वहीं, गुलशन साहनी और उनके साथी धीरज साहनी को हल्की चोटें आईं। दोनों घायलों ने निजी क्लिनिक में उपचार कराया और बाद में घर लौट गए।
रामनगर में पहाड़ी मोड़ बना मौत का जाल, 60 फीट गहरी खाई में गिरा कैंटर, मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ट्रेलर (नंबर UP 84 AT 3222) को कब्जे में ले लिया है, जबकि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।उक्त मामले को लेकर गीडा थाना के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी, जिससे आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आ सका है।