हिंदी
MLC चुनाव की वोटर लिस्ट पर सपा का बड़ा सवाल (Img: AI Generated)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर कथित डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों की जांच कराने और मतदान से लेकर मतगणना तक कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। सपा का आरोप है कि कुछ मतदाताओं के नाम सूची में एक से ज्यादा बार दर्ज हैं।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह ने भी इस ज्ञापन के जरिए कार्रवाई की मांग की।
पार्टी का आरोप है कि भाजपा के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के नाम मतदाता सूची में कई जगह दर्ज हैं। सपा ने दावा किया कि शिकायत के समर्थन में कथित डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण 276 पन्नों में संलग्न किया गया है।
ये भी पढ़ें- कन्नौज में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जिला कार्यकारिणी की भंग, संगठन में मची हलचल
सपा ने मिर्जापुर जिले की मतदाता सूची के कुछ उदाहरण देकर गड़बड़ियों का आरोप लगाया है। ज्ञापन के मुताबिक, बूथ संख्या 226 पर मतदाता क्रमांक 862, 863 और 864 पर रविशंकर पांडेय का नाम तीन बार दर्ज है। पार्टी ने उन्हें भाजपा का जिला मंत्री बताते हुए संबंधित फोटो और सूची का विवरण देने की बात कही है।
इसी तरह बूथ संख्या 242 पर अंजली मौर्या का नाम क्रमांक 15 से 19 तक पांच बार दर्ज होने का आरोप लगाया गया है। इसी बूथ पर स्मृति सिंह का नाम क्रमांक 582 से 584 तक तीन बार होने की शिकायत है। पवन कुमार गुप्ता का नाम क्रमांक 320 और 321 पर, जबकि बूथ संख्या 245 पर जितेंद्र कुमार सरोज का नाम क्रमांक 215 और 216 पर दो-दो बार दर्ज होने का दावा किया गया है।
समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश
19, विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ
प्रकाशन/प्रसारण हेतु- दिनांकः 18.10.2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी उ0प्र0 लखनऊ को सम्बोधित ज्ञापन में शिकायत की है कि वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हजारों की संख्या में डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। (उदाहरण स्वरूप 276 पृष्ठ में दर्ज डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण संलग्न है।) मतदान एवं मतगणना के दौरान मीडिया कर्मियों को अनुमति दी जाये। वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची का पुनः सत्यापन कराये जाने के नाम पर विद्यालयो को अकारण व अनावश्यक परेशान न किया जाये। प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान व मतगणना पारदर्शी निष्पक्ष स्वतंत्र भयमुक्त कराने के उपाय और सुरक्षा का समुचित प्रबन्ध किया जाये।
वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची में बडी संख्या में डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम दर्ज है। भा0ज0पा0 के कार्यकर्ताओं द्वारा डुप्लीकेट मतदाता के नाम पर अपने नाम कई जगह दर्ज कराये गये हैं। लखनऊ खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर मतदान एवं मतगणना पारदर्शी, निष्पक्ष स्वतंत्र भयमुक्त कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था का चाक चौबन्द प्रबन्ध किया जाये। वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची का पुनः सत्यापन कराये जाने के नाम पर विद्यालयों को अकारण और अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। भा0ज0पा0 के इशारे पर विधान परिषद के 11 सीटों पर मतदाता सूची में बडी संख्या में डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज कराये गये हैं, इनमें भा0ज0पा0 के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के नाम एक से अधिक बार कई-कई जगह दर्ज हैं।
मतदान के दिन डुप्लीकेट मतदाताओं को मतदान से रोकने के लिए सुरक्षा के उपाय और प्रबन्ध किये जायें। मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल (सिविल पुलिस से भिन्न) की ड्यूटी लगाई जाये।
ज्ञापन में कहा गया है कि वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हजारों की संख्या में डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। (उदाहरण स्वरूप 276 पृष्ठ में दर्ज डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण संलग्न है।) वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची में बडी संख्या में डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम दर्ज है। भा0ज0पा0 के कार्यकर्ताओं द्वारा डुप्लीकेट मतदाता के नाम पर अपने नाम कई जगह दर्ज कराये गये हैं। वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची में जनपद मिर्जापुर बूथ संख्या 226 के मतदाता क्रम संख्या 862, 863, 864 पर एक ही मतदाता रविशंकर पाण्डेय पुत्र स्व0 हरिनारायण निवासी ग्राम अहमलपुर समोगरा का नाम तीन बार दर्ज है। दर्ज मतदाता रविशंकर पाण्डेय मिर्जापुर भा0ज0पा0 का जिला मंत्री है। (रविशंकर पाण्डेय की फोटो तथा मतदाता सूची में तीन जगह दर्ज नाम का विवरण संलग्न है।) जनपद मिर्जापुर बूथ संख्या 242 के मतदाता क्रम संख्या 15, 16, 17, 18, 19 पर एक ही मतदाता अंजली मौर्या रिलेटिव का नाम जगन्नाथ मौर्या पता 154 पट्टी कला अहरउवा चौराहा लगातार क्रमशरू 5 बाद दर्ज है। (विवरण संलग्न है।) जनपद मिर्जापुर बूथ संख्या 242 मतदाता क्रम संख्या 582, 583, 584 पर एक ही मतदाता स्मृति सिंह रिलेटिव का नाम राम शुभ सिंह निवासी 303 बैरामपुर अरूरा चौराहा लगातार तीन बार दर्ज है। जनपद मिर्जापुर बूथ संख्या 242 मतदाता क्रम संख्या 320, 321 पर एक ही मतदाता पवन कुमार गुप्ता रिलेटिव का नाम कैलाश प्रसाद गुप्ता पता 15 बाराडीह चौराहा लगातार तीन बार दर्ज है। जनपद मिर्जापुर बूथ संख्या 245 मतदाता क्रम संख्या 215, 216 पर एक ही मतदाता जितेन्द्र कुमार सरोज रिलेटिव का नाम भोला नाथ सरोज पता सेमरी पछवा दो बार दर्ज है। लखनऊ खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर मतदान एवं मतगणना पारदर्शी, निष्पक्ष स्वतंत्र भयमुक्त कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था का चाक चौबन्ध प्रबन्ध किया जाये। संवेदनशील मतदान केन्द्र का विवरण निम्न है-जनपद लखीमपुर में 31 पोलिंग स्टेशन।https://t.co/CTAZw04UsX
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 18, 2026
सपा ने आयोग से ऐसे मामलों की जांच कर यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि कोई मतदाता एक से अधिक बार वोट न डाल सके।
पार्टी ने लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सात जिलों में 102 मतदान केंद्रों को संवेदनशील बताते हुए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। इनमें लखीमपुर के 31, सीतापुर के 14, रायबरेली के 19, बाराबंकी के 7, हरदोई के 11, प्रतापगढ़ के 7 और लखनऊ के 13 केंद्र शामिल हैं।
सपा ने सभी केंद्रों पर वीडियो कैमरे लगाने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही मतपेटियों को सील करने के बाद सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा बलों की निगरानी में रखने की बात कही है। मतगणना के दौरान बिजली की निर्बाध आपूर्ति और जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
पार्टी चाहती है कि मतगणना शुरू होने के बाद बिना रुकावट पूरी की जाए। केवल निर्धारित संख्या में अधिकृत एजेंटों को प्रवेश मिले और अनधिकृत लोगों को केंद्रों से दूर रखा जाए। सपा ने सिविल पुलिस के अतिरिक्त पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग भी उठाई है।
सपा ने आशंका जताई है कि पते या अंग्रेजी में नाम की स्पेलिंग के मामूली अंतर के कारण मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा सकता है। ज्ञापन में कहा गया है कि चुनाव आयोग के प्रारूप-18 और ऑनलाइन सॉफ्टवेयर में ब्लॉक या वार्ड का कॉलम नहीं होने से मतदान केंद्र तय करने में परेशानी हो सकती है।
नाम की स्पेलिंग के अंतर पर भी सपा ने स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है। ज्ञापन में रीता सिंह का उदाहरण दिया गया है, जिनका नाम पहचान पत्र में ‘RITA SINGH’ और मतदाता सूची में ‘REETA SINGH’ दर्ज होने की बात कही गई है। पार्टी का कहना है कि उच्चारण समान होने पर ऐसे मामूली अंतर को मतदान रोकने का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें- CJP प्रदर्शन पर दिल्ली से गोवा तक पुलिस का एक्शन! 300 से ज्यादा लोगों पर FIR; दो लोग गिरफ्तार
सपा ने प्रतापगढ़ के कुछ मतदान केंद्रों पर 11 अक्टूबर को मतदाता सूची के क्रमांक बदले जाने का आरोप लगाया है। पार्टी के मुताबिक, 10 अक्टूबर तक उपलब्ध सूची के आधार पर मतदाता पर्चियां बांटी जा चुकी थीं। ऐसे में केवल क्रमांक बदलने के कारण किसी मतदाता को वोट डालने से नहीं रोका जाना चाहिए।
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची के दोबारा सत्यापन पर भी पार्टी ने आपत्ति जताई है। सपा का आरोप है कि अंतिम सूची जारी होने और निरंतर पुनरीक्षण के तहत शामिल मतदाताओं की सूची प्रकाशित होने के बाद भी कुछ जिलों में जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक विद्यालयों से फिर जांच करा रहे हैं।
पार्टी का कहना है कि प्रधानाचार्यों के प्रमाणपत्रों पर जिला विद्यालय निरीक्षकों के हस्ताक्षर के बाद ही नाम शामिल किए गए थे। इसके बावजूद विद्यालयों, प्रबंधकों और कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा है। सपा ने इस प्रक्रिया पर रोक लगाने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अंत में पार्टी ने चुनाव आयोग से सभी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान और मतगणना को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया है। अब इन शिकायतों पर आयोग की ओर से होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
Location : Lucknow
Published : 18 October 2026, 8:52 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav Duplicate Voter List MLC Election Samajwadi Party Uttar Pradesh Election Commission