हिंदी
महेश पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता अभियान
Bhilwara: राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस की 30वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तीन माह के विशेष अभियान के अंतर्गत महेश सेवा समिति द्वारा संचालित महेश पब्लिक स्कूल में आज एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय जैन ने की।
अभय जैन ने अपने संबोधन में बताया कि स्थाई लोक अदालतें जन-उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का सबसे तेज और सरल समाधान प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति, बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा, शहरी स्वच्छता, सड़क मरम्मत, आवारा पशु नियंत्रण और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याओं के समाधान में स्थाई लोक अदालतें त्वरित और प्रभावी भूमिका निभा रही हैं।
जैन ने बताया कि आमजन को केवल एक सरल आवेदन पत्र भरकर अपनी समस्या दर्ज करानी होती है। इसके बाद स्थाई लोक अदालत न्यायिक निर्णय के माध्यम से समस्या का समाधान सुनिश्चित करती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने मोहल्ले और शहर में भी जागरूकता फैलाएं।
Location : Bhilwara
Published : 20 November 2025, 9:35 PM IST
Topics : Bhilwara DM BHILWARA NEWS Rajasthan News